संवाद न्यूज एजेंसी
मानिकचंद (बस्ती)। ट्रक ऑपरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार से पूर्ण हड़ताल पर चला गया है। इससे जिले के गोदामों से सीमेंट व खाद आदि की निकासी बंद हो गई है। रेलवे मालगोदाम पर सन्नाटा छाया रहा। वहीं ढुलाई ठप होने से भारी आर्थिक क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है।
माल भाड़े में बढ़ोतरी को लेकर ट्रक एसोसिएशन पांच फरवरी से रेलवे मालगोदाम पर आंशिक हड़ताल पर चल रहा था। जब इसका असर नहीं पड़ा तो बुधवार से वह पूर्ण हड़ताल पर चले गए। नतीजतन सभी ट्रकों के पहिए थम गए। ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक सिंह बघेल ने बताया कि एसोसिएशन व व्यापारियों के बीच वर्ष 2020 में पुरानी बस्ती थाने पर आपसी सुलह-समझौता के तहत यह तय हुआ था कि 13 प्रतिशत भाड़े में बढ़ोतरी कर माल ढुलाई का कार्य करवाया जाएगा।
बावजूद इसके दो माह बाद ही व्यापारी अपने वायदे से मुकर गए। सीमेंट व्यापारी पुराने दर पर ही माल की ढुलाई करवाना चाहते हैं। इससे ट्रक मालिकों का हर तरफ से नुकसान हो रहा है। बताया कि व्यापारियों की अपनी बातों से मुकरना व शासन-प्रशासन की उपेक्षा से एसोसिएशन के ट्रक के पहिए नहीं घूम पा रहे हैं। इससे किस्त, फिटनेस, बीमा, परमिट, प्रदूषण, मरम्मत व जिले के तीन-तीन टोल प्लाजों पर टोल टैक्स का भार बढ़ता जा रहा है।
बताया कि पांच फरवरी से प्रशासन से वार्ता चल रही है, मगर कोई हल नहीं निकल पा रहा है। ऐसे में ट्रक मालिकों व व्यापारियों के बीच 20 अगस्त 2020 के 13 प्रतिशत भाड़े की बढ़ोतरी पर अगर सहमति नहीं बनती है तो हम लोगों का अनिश्चित कालीन हड़ताल जारी रहेगा।
इस मौके पर करूणेंद्र बहादुर सिंह, यशपाल सिंह यादव, दिनेश चंद्र चौधरी, अनिल कुमार चौधरी, संदीप यादव व धर्मेंद्र यादव समेत बड़ी संख्या में ट्रक मालिकों ने रेलवे माल गोदाम पर नारेबाजी किया और विरोध जताया।