छावनी/विक्रमजोत (बस्ती)। पुलिस व एसओजी टीम ने रविवार को ट्रक चोरी के अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों ने बस्ती जिले के छावनी, परशुरामपुर व बाराबंकी जिले से ट्रक चोरी की घटना को कबूल किया। छावनी से चोरी ट्रक कानपुर के फजलगंज में कबाड़ व्यवसायी को 3.5 लाख रुपये में बेच दिया था। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक एसयूवी, 5290 रुपये, एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
सीओ शेषमणि उपाध्याय ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर कानपुर के कबाड़ व्यवसायी के यहां से ट्रक का केबिन बरामद किया गया। बाकी हिस्सा कबाड़ी ने काटकर बेच दिया था। घटना में शामिल कानपुर के कबाड़ व्यवसायी मोंटी सरदार व कुछ अन्य शातिर अभी पुलिस के पकड़ से दूर है। सीओ ने कहा कि खुलासा करने वाली टीम को नकद पुरस्कार के लिए एसपी को पत्र लिखा जाएगा।
पकड़े गए आरोपियों में ट्रक चोरी का आरोपी ताज मोहम्मद निवासी नजियापुर, थाना दिलीपपुर, जिला प्रतापगढ़, चोरी के ट्रक का सौदा करने वाला राजेश अग्रहरि निवासी कौशलपुरी थाना कोतवाली अयोध्या नगर और कबाड़ी का सहयोगी मनोज चावला निवासी फजलगंज थाना फजलगंज जिला कानपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
29/30 मई की आधी रात को छावनी कस्बे के राम जानकी मार्ग से दुर्गा प्रसाद कसौधन का ट्रक चोरी कर लिया था। परशुरामपुर थाना से मार्च माह में ट्रक चोरी व बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ से मार्च माह में चोरी की घटना सहित ट्रक चोरी की तीनों घटनाओं का पुलिस की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश कर दिया।
छावनी कस्बे के पास लगे सीसीटीवी कैमरे से चोरी की वारदात के बाद भाग रहे ट्रक चोर पकड़ में आए। कस्बे से ट्रक चोरी करने के बाद प्रयागराज जिले के सोरांव ले गए। वहां से अयोध्या जिले के व्यवसायी राजेश अग्रहरि से सौदा तय किदा। अयोध्या के बिचौलिए ने कानपुर के व्यापारी से 3.5 लाख रुपये में बेचने का सौदा किया। जिसके बाद ट्रक को बेचने के लिए फजलगंज कानपुर लेकर गए। वहां से ट्रक की कीमत लेकर घर आ गए। छावनी पुलिस व एसओजी टीम ने सीसीटीवी फुटेज व मोबाइल के सहारे चोरों का सुराग लगा लिया। पुलिस टीम इन शातिर चोरों को रडार पर ले रखा था। रविवार को पचवस स्थित सैनिक ढाबा के पास ट्रक चोरी करने की फिराक में घूम रहे थे। पुलिस टीम ने तीनो शातिर को गिरफ्तार कर लिया।
पहले से दर्ज हैं केस
- पकड़े गए आरोपी ताज के खिलाफ अयोध्या जिले के कुमारगंज थाना, सुल्तानपुर जिले के कादीपुर थाना, जयसिंहपुर थाना में वाहन चोरी, प्रतापगढ़ जिले के कंधईपुर व रानीगंज थाना में मारपीट का मामला दर्ज है। राजेश अग्रहरि के खिलाफ अयोध्या जिले के पूरा कलंदर थाने में वाहन चोरी, गैर इरादतन हत्या व सुल्तानपुर जिले के कुड़ेभार थाने में विद्युत चोरी के मामले दर्ज हैं। मनोज चावला के खिलाफ कानपुर देहात जिले के भोगनीपुर थाने में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज है।