छावनी थाना क्षेत्र के हाइवे पर पलटा गन्ना लदा ट्रक।
विक्रमजोत राष्ट्रीय राजमार्ग पर छावनी थानाक्षेत्र के सिरौली बाबू गांव के पास शुक्रवार दोपहर एक गन्ना लादकर अयोध्या के मसौधा शुगर मिल जा रहा ट्रक डिवाइडर से टकरा कर पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई राहगीर घायल नहीं हुआ। सड़क पर गन्ना फैल जाने के कारण एक लेन पर थोड़ी देर के लिए यातायात बाधित रहा।
विक्रमजोत ब्लाक के पास बस्ती-अयोध्या में हुए इस हादसे में ट्रक चालक अशोक निवासी दुर्गापुर जिला अयोध्या को मामूली चोट आई। सूचना पर मय फोर्स पहुंचे थानाध्यक्ष छावनी दुर्गेश कुमार पांडेय ने एनएचएआई कर्मियों की मदद से हाइड्रा मशीन से पलटे ट्रक व हाइवे पर फैले गन्ने को हटवाकर यातायात बहाल कराया।