परशुरामपुर क्षेत्र में वन विभाग ने एक लाख कीमत की अवैध साखु की लकड़ी पकड़ी- संवाद
हर्रैया। वन विभाग की टीम ने मंगलवार को आसपास के जंगलों से चोरी से काटकर ले जा रहे साखू के बोटे बरामद किए। टीम ने ट्रॉली पर लादकर ले जा रहे आठ बोटे इमारती लकड़ी को कब्जे में लिया। एक अन्य प्रकरण में बिना परमिट के पांच सागौन के पेड़ काटने के आरोपी धुनिया भीटी के अजय कुमार तिवारी को दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
मामले में परशुरामपुर थाना क्षेत्र के चार व्यक्तियों भगवानदीन वर्मा, जय जय राम वर्मा, आशीष वर्मा और दर्रूपुर निवासी विनोद वर्मा के खिलाफ वन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। यह अवैध कटान परशुरामपुर थाना क्षेत्र से गोंडा जनपद के मनिकापुर व आसपास के जंगलों की सीमा में हो रहा था। रेंजर ने वन दरोगा वसीक अहमद के साथ टीम गठित कर संदिग्धों पर नजर रखी। सोमवार रात सूचना मिलने पर वन दरोगा ने ट्रैक्टर ट्रॉली को दर्रूपुर गांव के पास रोका। आरोपी ट्रैक्टर छोड़कर भाग गए। इसके बाद वन विभाग ने ट्रॉली सहित साखू की लकड़ी को कब्जे में ले लिया। रेंजर एसपी तिवारी ने बताया कि दर्ज केस में छह माह की सजा के साथ आर्थिक जुर्माने का प्रावधान है। ऐसे मामलों में वन विभाग को गिरफ्तारी का अधिकार प्राप्त है।