बस्ती रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री।संवाद
बस्ती। रेल यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने 12 समर स्पेशल ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे बढ़ा दिए हैं। इन ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ने से पूर्वांचल के यात्रियों को दिल्ली, मुंबई समेत अन्य महानगरों की यात्रा में राहत मिलेगी। सभी ट्रेनें बस्ती रेलवे स्टेशन के रास्ते संचालित होंगी।
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर पहले से संचालित विशेष समर ट्रेनों की अवधि आगे बढ़ाई गई है। इसके तहत ट्रेन संख्या 02563/02564 बरौनी-नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस तथा 02569/02570 दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस का संचालन 31 अगस्त तक प्रतिदिन जारी रहेगा। इन दोनों जोड़ी ट्रेनों के कुल 31-31 अतिरिक्त फेरे लगाए गए हैं।
ट्रेन संख्या 05579 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार टर्मिनस साप्ताहिक विशेष समर स्पेशल 30 अगस्त तक नौ अतिरिक्त फेरों के लिए चलेगी, जबकि 05580 आनंद विहार टर्मिनस-पूर्णिया कोर्ट विशेष समर स्पेशल का संचालन एक सितंबर तक होगा। इसी प्रकार 05575 सहरसा-आनंद विहार टर्मिनस विशेष समर स्पेशल 25 अगस्त तक चार अतिरिक्त फेरों और 05576 आनंद विहार टर्मिनस-सहरसा विशेष समर स्पेशल 27 अगस्त तक संचालित होगी।
इसके अलावा 09189 मुंबई सेंट्रल-कटिहार समर स्पेशल का संचालन 29 अगस्त तक पांच अतिरिक्त फेरों तथा 09190 कटिहार-मुंबई सेंट्रल विशेष समर स्पेशल का संचालन एक सितंबर तक किया जाएगा। वहीं 09111 बड़ोदरा-गोरखपुर और 09112 गोरखपुर-बड़ोदरा साप्ताहिक विशेष ट्रेनों की अवधि बढ़ाकर क्रमश: 28 और 30 सितंबर तक कर दी गई है। दोनों ट्रेनों के नौ-नौ अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे।
ट्रेन संख्या 09189 मुंबई सेंट्रल-कटिहार समर स्पेशल ट्रेन का संचालन 29 अगस्त तक पांच फेरों के लिए किया गया है, ट्रेन संख्या 09190 कटिहार-मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक विशेष समर स्पेशल ट्रेन का संचालन 1 सितंबर तक किया जाएगा।