त्रिलोकी ही बिचौलिया, चौथाई रेट पर कराया था सौदा
सवा लाख रुपये मीटर के हिसाब से बिकी थी जमीन, चार-पांच लाख रुपये है रेट
एसबीआई के रुधौली शाखा में मृतक के खाते में जमा हैं पांच लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सामूहिक दुष्कर्म का मुख्य आरोपी त्रिलोकी ही जमीन की खरीद-फरोख्त का बिचौलिया है। उसी ने मध्यस्थता कर दंपती के घर से करीब 100 मीटर दूर की चार मीटर चौड़ी और पंद्रह मीटर लंबी जमीन का सौदा सवा लाख रुपये मीटर के हिसाब से कराया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अधिकारियों की पूछताछ में उसने यह बात कबूल की है। एक सप्ताह पहले जमीन की रजिस्ट्री हुई है। मृतक ने बहाने से पिता को रजिस्ट्री कार्यालय ले जाकर कागजात पर अंगूठा लगवा दिया था। इसके एवज में उसे पांच लाख रुपये मिलने की बात बताई जा रही है। यह रकम एसबीआई की रुधौली शाखा में मृतक के खाते में जमा है। इसकी पुष्टि शनिवार को पुलिस ने कर ली है।
मृतक के परिवार वाले खामोश हैं। पड़ोसियों को भी इस बात पर आश्चर्य है कि जिस जमीन का भाव चार से पांच लाख रुपये मीटर चल रहा है, उसका सवा लाख रुपये मीटर में सौदा कैसे हो गया। यानी चौथाई रेट पर त्रिलोकी ने सौदा पटवा दिया। 16-20 लाख की जमीन का मात्र पांच लाख रुपये में सौदा करवा दिया। सूत्रों के अनुसार इस सौदे की जानकारी बाकी भाइयों को नहीं थी। बाद में त्रिलोकी ने ही उनसे यह राज खोल दिया।
इसके बाद भाइयों में रुपये को लेकर तकरार की बात भी गांव में चर्चा में है। इससे त्रिलोकी और मृतक में अनबन हो गई थी। पुलिस को जानकारी मिली है कि पूरे घटनाक्रम के पीछे बिचौलिए के दबाव और अनबन की बात भी जुड़ी है। हालांकि, पुलिस खुलकर कुछ भी बताने से बच रही है। एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी का कहना है कि पूछताछ में आरोपी अभी इस बारे में कुछ ज्यादा । फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता तहरीर और वीडियो साक्ष्यों को आधार मानकर कार्रवाई कर रही है।