अतिक्रमण ऐसा कि चौराहा ढूंढते रह जाओ
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। शहर के मुख्य रास्ते मालवीय मार्ग का चौड़ीकरण जरूर हुआ मगर अतिक्रमण के चलते यह संकरा हो गया है। सड़क पर ही टैक्सी स्टैंड, भवन निर्माण सामग्री की दुकानें, जगह-जगह वाहनों की अवैध पार्किंग ने मुसीबत बढ़ा दी है। रोडवेज बसों समेत अन्य बड़े वाहनों के ओवरटेक के दौरान हादसे का अंदेशा बना ही रहता है।
शहर के इस मार्ग से बड़े और छोटे वाहन फोरलेन से लेकर दूसरे क्षेत्रों के लिए बाहर निकलते हैं। सड़क की व्यस्तता को देखते हुए ही चार किलोमीटर लंबी इस सड़क की चौड़ाई करीब दो साल पूर्व बढ़ाई गई लेकिन अतिक्रमण के चलते कोई यह संकरा हो गया है। अतिक्रमण अभियान के नाम पर यहां खानापूरी ही की जाती रही है। ऐसे में अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं जिससे पटरी क्या, आधी सड़क तक वर्चस्व कायम किए हुए हैं।