बस्ती। जिले के तकरीबन आठ हजार माल वाहनों पर हाई सिक्यूरिटी नंबर प्लेट न लगे होने पर परिवहन आयुक्त ने नाराजगी जताई है, और तत्काल प्रभाव से इन वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र बनाने पर रोक लगा दी है। यह वाहन जब नंबर प्लेट लगवा लेंगे तभी इनका स्वस्थता प्रमाणपत्र बनाया जाएगा।
एक अप्रैल 2019 से पूर्व पंजीकृत माल वाहनों में पूरे प्रदेश में कुल 15 जिले ऐसे हैं, जहां अभी तक 50 फीसदी वाहनों पर ही एचएसआरपी लग सका है, बाकी सभी जिलों में इसका प्रतिशत 50 से नीचे है, जिसमें बस्ती जिले में भी एक अप्रैल 2019 तक पंजीकृत कुल 15933 वाहनों में सिर्फ 7539 मालवाहनों में एचएसआरपी लग सका है। जो कुल पंजीकृत माल वाहनों का सिर्फ 43 फीसदी ही माना जा रहा है। लिहाजा विभाग मुख्यालय ने एआरटीओ पंकज सिंह व प्राविधिक परिवहन निरीक्षक (आरआई) संजय दास को ऐसे सभी वाहनों की फिटनेस पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का निर्देश दिया है।
साथ ही एचएसआरपी लगने के बाद ही फिटनेस बनाने के लिए सख्ती दिखाई है। एआरटीओ पंकज सिंह ने बताया कि ऐसे वाहनों का फिटनेस बनाने से पूर्व हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट अनिवार्य रूप से चेक करने का निर्देश आरआई व उनकी टीम को दिया गया है। साथ ही माल वाहनों के स्वामियों को भी सूचना दी जा रही है कि बिना एचएसआरपी के उनका फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं बनाया जाएगा।