नगर बाजार। नगर बाजार क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत ओठगन कला में तेज आंधी और बारिश के दौरान 25 केवी का ट्रांसफार्मर जल गया था। एक सप्ताह बीतने के बाद भी निगम की तरफ से न तो इसकी मरम्मत कराई गई और न ही बदलकर दूसरा ट्रांसफार्मर लगवाया गया।
गांव में सप्ताह भर से बिजली आपूर्ति ठप है। भीषण गर्मी में लगातार बिजली नहीं मिलने से ग्रामीण व्याकुल हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली बाधित होने के कारण रात के समय अंधेरे में रहना पड़ रहा है। रोशनी के लिए टॉर्च ही सहारा है। इसका सबसे अधिक कुप्रभाव बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।
बिजली न रहने से रात में उनकी पढ़ाई नहीं हो पा रही है। घर के अंदर महिलाएं, बच्चे गर्मी से अलग बिलबिला रहे हैं। पेयजल आपूर्ति और मोबाइल चार्जिंग का भी संकट गहरा गया है।
गांव के जगदीश गौतम, सुनील गौतम, राम सिंगर, राम सुमेर, मोहन प्रसाद, संजू गौतम, शिवपूजन, राम भागवत, रिंकू आदि ने ट्रांसफार्मर बदलकर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
इस संबंध में नगर बाजार उपकेंद्र के अवर अभियंता राजित राम ने बताया कि उन्हें ट्रांसफार्मर जलने की जानकारी है। व्यवस्था बनाई जा रही है, बहुत जल्द दूसरा ट्रांसफॉर्मर लगा दिया जाएगा।