दिल्ली व लखनऊ जाने वाले यात्रियों को झेलनी पड़ रही सांसत
चुनाव में चली गईं रोडवेज की 52 बसें, दस और बसों को भेजने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। दिल्ली, लखनऊ व कानपुर की यात्रा के लिए लोगों को मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि रोडवेज में 83 बसों के सापेक्ष मात्र 31 बसें संचालित हो रही हैं। जबकि बुधवार को चार ट्रेनें विलंब से स्टेशन पर पहुंचीं। ऐसे मेंं लखनऊ, कानपुर व दिल्ली के यात्री गर्मी में परेशान हो रहे हैं। न तो उन्हें समय से ट्रेन मिल पा रही है और बस।
बुधवार की दोपहर रोडवेज परिसर में तीन-चार पुरानी बसें लोकल रूट के लिए खड़ी थीं। जबकि 40 से 50 की संख्या में यात्री लखनऊ और दिल्ली के लिए बस का इंतजार करते मिले। यात्रियों ने बताया कि पहले सुबह यहां से दिल्ली के लिए बस मिलती थी, मगर आज कोई बस ही नहीं है। सुबह से परिवार के साथ बस का इंतजार कर रहे हैं।
रोडवेज के अधिकारियों ने कहा है कि दिल्ली एक बस भेजी जाएगी। पुरानी बस्ती निवासी राधेश्याम ने बताया कि उन्हें लखनऊ जाना है। ट्रेन लेट थी। ऐसे में बस से जाने का मन बनाया, मगर यहां तो बस ही नहीं है। यही हाल अन्य यात्रियों का भी है।
एआरएम आयुष भटनागर ने कहा कि 52 बसें चुनाव ड्यूटी में भेजी जा चुकी हैं। दस बसों की डिमांड आई है। इसे भी एकाध दिन में भेज दिया जाएगा। यह सही है कि लखनऊ की बसें कम हो गई हैं। अनुबंधित बसों को तैयार कर भेजा जा रहा है, मगर हर दिन 48 फेरे लगाने वाली रोडवेज अब केवल 18 से 20 फेरा ही लगा रही हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए जब सवारी हो जाती है तो बस भेजा जाता है। दिल्ली के लिए अभी कोई बस नहीं है। यात्रियों की संख्या होगी तो अनुबंधित बस भेजी जाएगी।
...
डाउन अमरनाथ 30 घंटे, कुशीनगर अप 3 घंटे विलंब
बस्ती। रेलवे समय सारणी के अनुसार चार एक्सप्रेस ट्रेनें कई घंटे की देरी से चल रही है। बस्ती रेलवे स्टेशन से होकर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में अमरनाथ डाउन एक्सप्रेस 30 घंटे की देरी से चल रही है।जबकि कुशीनगर सुपर फास्ट अप एक्सप्रेस ट्रेन 3 घंटे,नई दिल्ली क्लोन समर स्पेशल एक्सप्रेस 6 घंटे और छपरा स्पेशल समर अप एक्सप्रेस ट्रेन 8 घंटे की देरी से चल रही है।
स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे यात्री रिंकू सोनकर ने बताया कि अमरनाथ एक्सप्रेस से यात्रा पूरी करनी है।लेकिन दो दिनों से स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहा हूं। ट्रेन इतनी लेट होती जा रही है कि अब यात्रा करने का मन नहीं कर रहा है। घर के लोग वापस बुला रहे हैं।महिला यात्री तारा देवी ने बताया कि भोपाल तक की यात्रा करनी है।पांच घंटे से स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रही हूं।लेकिन ट्रेन का विलंब होने का समय बढ़ता जा रहा है। यात्री मो. इसरार ने बताया कि दिल्ली जाने के लिए रिजर्वेशन टिकट बहुत पहले कराया था। यदि पहले से मालूम होता कि ट्रेनें इतनी विलंब चलेगी तो मैं बस से यात्रा पूरी कर लेता। स्टेशन पर समय काटना मुश्किल होता जा रहा है। जिस तरह से पिछले कई दिनों से ट्रेनें कई घंटे की देरी से चल रही है।रेलवे बोर्ड को यात्रियों की समस्या को देखते हुए संज्ञान में लेना चाहिए।