रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री-संवाद
बस्ती। स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां खत्म होने वाली है, महानगरों से गांव आने वाले परिवार के लोग अब बच्चों के साथ बड़े शहरों को वापस जाने लगे हैं। ऐसे में नियमित चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रियों की जबरदस्त भीड़ बढ़ गई है। सबसे ज्यादा भीड़ दिल्ली, मुंबई, जयपुर और बंगलुरू जाने वाली ट्रेनों में देखने को मिल रही है। तत्काल में कंफर्म टिकट न मिलने से यात्री काफी परेशान हो रहे हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती रेलवे स्टेशन के रास्ते महानगरों को जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में तत्काल में कंफर्म टिकट न मिल पाने से यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां समाप्त की ओर है। छुट्टियों में घूमने के लिए गांव व नानी-नाना के घर आए बच्चों को वापस जाने को लेकर परिजनों की चिंता बढ़ गई है। कंफर्म टिकट न मिलने से लोग परेशान हो रहे हैं।
शनिवार को रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटर पर टिकट के लिए लाइन लगाए यात्री सूरज कुमार व वंदना तिवारी ने बताया कि गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए बच्चों के अप्रैल माह में मुंबई से गांव आए थे, लेकिन जब जाने का समय आया तो अब कंफर्म टिकट ही नहीं मिल पा रहा है। ट्रेनों में गांव से वापस जाने वालों की इतना भीड़ हो गई है, कि इस प्रचंड गर्मी में बैठना मुश्किल हो गया है। एसी श्रेणी का टिकट मिलेगा तभी यात्रा संभव है।
टिकट बुकिंग क्लर्क ने बताया कि दिल्ली, मुंबई, जयपुर, बंगलुरू जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में जुलाई माह तक कोई कंफर्म टिकट मिल पाना संभव नहीं है। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि स्कूलों में बच्चों की छुट्टियां समाप्त होने वाली है ऐसे में दिल्ली, मुंबई या अन्य बड़े शहरों को जाने वाले यात्रियों की भीड़ इस समय ट्रेनों में बढ़ गई है।