3111 यात्रियों को लेकर पहुंची श्रमिक स्पेशल ट्रेनें
बस्ती। सरकार की ओर से प्रवासी मजदूरों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही है। इसी क्रम में सोमवार दोपहर 02:57 बजे तक बस्ती स्टेशन पर ट्रेनों से 3111 यात्री उतरे।
पहली गाड़ी संख्या 04858 लुधियाना से 221 यात्रियों को लेकर तीन नंबर प्लेट फार्म पर पहुंची। इस ट्रेन में बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर सहित अन्य जिले के लोग शामिल थे। दूसरी गाड़ी संख्या 01851 मुंबई से 844 यात्रियों को लेकर पहुंची। इसमें भी गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर सहित अन्य जिले के लोग मौजूद थे। तीसरी गाड़ी संख्या 01852 मुंबई से 581 यात्रियों को लेकर पहुंची। इस गाड़ी में सुलतानपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, बांसी, अयोध्या के यात्री मौजूद थे। चौथी गाड़ी संख्या 04046 दिल्ली से 314 यात्रियों को लेकर पहुंची, इसमें संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर सहित अन्य जिलों के लोग मौजूद थे। पांचवीं गाड़ी संख्या 04048 दिल्ली से ही 226 यात्रियों को लेकर पहुंची। इसके अलवा गाड़ियों के आने का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। छठवीं गाड़ी संख्या 01815 मुंबई से 925 यात्रियों को लेकर पहुंची। इसमें सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, कुशीनगर जिले के लोग मौजूद थे। सभी की थर्मल स्क्रीनिंग कर प्रशासन की निगरानी में परिवहन निगम की बसों में बैठाया गया।
चेकिंग के दौरान ट्रेन में मृत मिला युवक
मुंबई से प्रवासी श्रमिकों को लेकर गाड़ी संख्या 01954 रविवार की रात 11:05 बजे बस्ती पहुंची। गाड़ी की चेकिंग के दौरान कोच संख्या 11417 में 36 वर्षीय युवक मृत मिला। उसका कोई भी परिजन मौजूद नहीं था। छानबीन के बाद मृतक की शिनाख्त हुई। वह मऊ जिले का रहने वाला है। डीएम आशुतोष निरंजन ने बताया कि कोच में मौजूद सभी 76 प्रवासी श्रमिकों को भानपुर स्थित क्वारंटीन सेंटर में भेजा गया है। मृतक के शव को अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
गौर स्टेशन पर यात्रियों ने किया हंगामा
गौर। मुंबई से रविवार की देर रात गौर स्टेशन पर पहुंची स्पेशल ट्रेन करीब ढाई घंटे तक खड़ी कर दी गई। इसके बाद ट्रेन में मौजूद श्रमिकों ने हंगामा कर दिया। स्टेशन मास्टर के कक्ष में घुसकर ट्रेन को आगे बढ़ाने का दबाव बनाने लगे। इसकी सूचना फौरन स्टेशन मास्टर जोखन प्रसाद ने कंट्रोल रूम और स्थानीय पुलिस को दी।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया और ट्रेन को रवाना कराया। स्टेशन मास्टर ने बताया कि गाड़ी संख्या 01851 श्रमिक स्पेशल मुंबई से बस्ती जा रही थी। रविवार रात 2:49 बजे गौर स्टेशन पर पहुंची तो रोक दिया गया। काफी विलंब तक ट्रेन के रुकने के चलते यात्रियों ने हंगामा किया। ट्रेन आगे बढ़ाने के लिए कंट्रोल रूम को अवगत कराया गया तो बताया गया कि अभी आगे गाड़ी खड़ी करने के लिए जगह नहीं है। सभी लाइन व्यस्त है। यह जानकारी जैसे ही यात्रियों को दी गई कि वे और उग्र हो गए। पुलिस ने मामले को शांत कराया और ट्रेन को 5:24 बजे बस्ती के लिए रवाना किया गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर नरेंद्र यादव ने बताया कि काफी विलंब तक ट्रेन के रुकने पर यात्रियों के हंगामा करने की सूचना स्टेशन मास्टर ने दी थी। इसके आधार पर स्थानीय पुलिस को भेजकर मामले को शांत कराया गया।