बस्ती रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्री
- फोटो : कथा सुनाते प्रवाचक मनोज शुक्ल।
बस्ती। होली त्योहार में महानगरों से परदेसियों को लाने के लिए रेलवे प्रशासन की ओर से होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन तो कराया जा रहा है, मगर पहले दिन से ही ट्रेनें समय से रफ्तार नहीं पकड़ पा रही हैं और ट्रेन कई घंटे की देरी से चल रही है। इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। भीड़ के चलते परदेसी काफी परेशान हो रहे हैं। समय से घर भी नहीं पहुंच पा रहे हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती रेलवे स्टेशन के रास्ते आने-जाने वाली होली स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित समय से कई घंटे की देरी से चल रही है। इससे सफर करने वाले मुसाफिर काफी परेशान नजर आ रहे हैं। गांव पहुंचने में भी उन्हें अधिक समय लग रहा है। रेलवे समय सारिणी के अनुसार, बृहस्पतिवार को मुंबई-गोरखपुर होली स्पेशल ट्रेन को सुबह 7:52 बजे आने का समय था। 7:30 घंटे लेट होने से यह ट्रेन दोपहर 3:30 बजे स्टेशन पर आई। कटिहार-अमृतसर होली स्पेशल ट्रेन को सुबह 9:53 बजे पहुंचने का समय था, लेकिन 5 घंटे लेट होने से यह ट्रेन 3 के बाद स्टेशन पर पहुंची।
अमृतसर-कटिहार होली स्पेशल तीन घंटे, नई दिल्ली-सुपौल होली स्पेशल दो घंटे, गोरखपुर-मुंबई होली स्पेशल चार घंटे, सुपौल-नई दिल्ली होली स्पेशल तीन घंटे, पूणे-गोरखपुर होली स्पेशल पांच घंटे, गोरखपुर-अंत्योदय एक्सप्रेस 3:30 घंटे, दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल 4:30 घंटे और बरौनी-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल अपने निर्धारित समय से 4:30 घंटे की देरी से चल रही है। रेलवे प्रशासन की ओर से जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन निरस्त रही।
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि महानगरों से आने वाले यात्रियों को राहत देने के लिए नियमित चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन कराया जा रहा है, ट्रेनों को निर्धारित समय से चलाने के लिए रेलवे प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।