बस्ती। खेल कॉलेजों में प्रवेश की प्रक्रिया चालू माह में शुरू होने की संभावना है। ऐसे में खेल विभाग खिलाड़ियों को 10 अप्रैल से विशेष प्रशिक्षण देने जा रहा है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि खेल कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया काफी कठिन है। ऐसे में खिलाड़ियों को प्रवेश में उपयोगी जानकारी प्रशिक्षण के माध्यम से दी जाएगी।
स्टेडियम में हॉकी, फुटबाल, हैंडबाल, वालीबाल और एथलेटिक्स का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रदेश के गोरखपुर, लखनऊ और सैफई में स्थित खेल कॉलेज में प्रवेश के लिए अब खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया तीन चरणों में होती है। प्रथम चरण में खिलाड़ियों का शारीरिक फिटनेस परखा जाता है। इसके बाद संबंधित खेलों में उनकी दक्षता देखी जाती है। दोनों चरण पूरा करने वाले खिलाड़ियों को केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर में 15 दिनों के लिए भेजा जाता है। जिसमें खिलाड़ियों का खेल के प्रति लगाव, प्रदर्शन देखा जाता है। इसके आधार पर उनका फाइनल चयन प्रवेश के लिए होता है। बीते साल मंडल से करीब 17 खिलाड़ियों का चयन खेल कॉलेजों के लिए हुआ था।
प्रो. रीना को मिला शिक्षा भूषण सम्मान
बस्ती। त्रिभुवन विश्वविद्यालय काठमांडू, नेपाल ने शिवहर्ष किसान पीजी कॉलेज की प्राचार्य प्रो. रीना पाठक को शिक्षा भूषण सम्मान दिया है। यह सम्मान उन्हें शिक्षा, साहित्य, संस्कृति और भाषा को राष्ट्रीय/अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समृद्ध करने के लिए दिया गया है। महाविद्यालय के मुख्य नियंता डॉ. शिवेंद्र मोहन, प्रो. गोपालजी कुशवाहा, प्रो. सुनीता श्रीवास्तव, डॉ. धर्मेंद्र सिंह आदि ने खुशी जाहिर किया। संवाद