मुण्डेरवा के पास रेलवे फाटक पर ट्रेलर खराब होने के कारण घंटो लगा रहा जाम।
- ट्रैक बाधित, घंटे भर खड़ी रहीं गोखपुर-गोंडा पैसेंजर और मालगाड़ी
- एक घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक से हटाया जा सका कंक्रीट लदा ट्रेलर
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मुंडेरवा-महादेवा मार्ग स्थित रेलवे के समपार फाटक संख्या 189 पर शुक्रवार की सुबह एक ट्रक का एक्सल टूट गया। इससे सुबह 7:53 से 8:54 बजे तक रेलवे ट्रैक बाधित रहा। इस दौरान पैसेंजर और एक मालगाड़ी ट्रैक पर खड़ी रही। वहीं इन ट्रेनों के पीछे राप्ती सागर, गोरखधाम, वैशाली, दरभंगा-अमृतसर, सत्याग्रह एक्सप्रेस, गया और मथुरा-छपरा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें जगह-जगह रोकनी पड़ीं। घंटेभर बाद ट्रेनों का संचलन शुरू हो पाया।
कांवड़ यात्रा के कारण प्रशासन ने हाईवे बंद कर रखा है। डायवर्जन के कारण गोरखपुर, खलीलाबाद और मेंहदावल की ओर से आने वाले वाहन मुंडेरवा-महादेवा मार्ग से कलवारी होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे होते हुए लखनऊ की ओर जा रहे हैं। कंक्रीट लादकर महादेवा की तरफ से आ रहा ट्रेलर शुक्रवार की सुबह जैसे ही समपार फाटक पर पहुंचा, उसका एक्सल टूट गया। स्थानीय लोग ट्रैक्टर की मदद से और खुद धक्का लगाकर ट्रेलर को गेट से हटाने का प्रयास करते रहे लेकिन लोड होने के कारण ट्रेलर हिला तक नहीं। इसके बाद पहुंचे दूसरे ट्रेलर से टोचन कर उसे गेट से हटाया गया। करीब एक घंटे बाद ट्रैक खाली हुआ और ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका।
गेटमैन प्रमोद गुप्ता ने बताया कि सुबह 7:53 बजे गोंडा पैसेंजर और मालगाड़ी पास करने के लिए गेट बंद करने ही वाले थे, तभी एक ट्रेलर आ गया। ट्रेलर जैसे ही गेट पर पहुंचा उसका एक्सल टूट गया। तत्काल इसकी सूचना स्टेशन मास्टर रामानंद पाठक को दी गई। उन्होंने सूचना प्रसारित करके अन्य ट्रेनों का परिचालन रुकवाया। इसके बाद ट्रेलर को फाटक से हटाने का काम शुरू हुआ। घंटेभर बाद ट्रेलर हटाया जा सका। स्टेशन मास्टर रामानंद पाठक ने बताया कि इस दौरान गोंडा पैसेंजर स्टेशन पर और मालगाड़ी डाउन ट्रैक पर खड़ी रही, वहीं कई अन्य ट्रेनें भी जगह-जगह रोकनी पड़ीं।