बभनान के विजयनगर तिराहे से गौरा चौकी जाने वाले रेलवे क्रॉसिंग पर लगा जाम-संवाद
बभनान। नगर पंचायत की स्टेशन रोड से लेकर विजय नगर तिराहा व विजय नगर तिराहे से जमुनहा बाजार तक हर वक्त जाम लगने से यातायात बाधित रहता है। इसके चलते लोगों को घंटे घंटे भर रुकना पड़ रहा है। बावजूद इसके जिम्मेदार इसकी सुधि नहीं ले रहे हैं ।
बभनान रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर गौरा चौकी रोड पर समपार फाटक संख्या 222ए से गुजरने वाले लोगों को जाम में रहना पड़ रहा है। गन्ने का सीजन होने के चलते गन्ना लदे ट्रक व ट्रालियां, बैल गाड़ियां, गौरा चौकी रोड वा हलुवा रोड से आने का एक ही रास्ता है। ऐसे में रेलवे गेट बंद हो जाने के बाद लोगों को घंटे तक जाम में खड़े रहना पड़ता है। सबसे ज्यादा दिक्कत मरीजों को हो रही है। यहां पर एंबुलेंस को भी रुकना पड़ता है। कई बार तो विवाद की भी स्थिति पैदा हो जाती है।
इसी मार्ग से दर्जन शिक्षण संस्थाओं के छात्र छात्राओं सहित स्कूली बसों का भी आना जाना होता है। सुबह व दोपहर में जब स्कूल की बस व छात्र-छात्राएं इस सड़क पर आते हैं तो लगभग एक किलोमीटर लंबा रास्ता तय करने में लोगों को काफी इंतजार करना पड़ता है।
क्षेत्र के अंकित जायसवाल, मुकेश जायसवाल,सूरज, आशीष कुमार पांडेय, विजय कुमार, राहुल चौरसिया, मिन्टू सिंह आदि का कहना है कि चीनी मिल के सीजन में ट्रकों व गन्ना लदी ट्राली व बैलगाड़ी स्कूली बसें गेट बंद होने के बाद घंटे घंटे भर खड़े रहते हैं।
जिससे व्यापारिक गतिविधियां भी कम हो जाती हैं। इस बाबत रेलवे लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि बभनान के 222 ए क्रॉसिंग पर ओवर ब्रिज निर्माण का प्रस्ताव नहीं है।