बनकटी। बस्ती-महुली मार्ग सहित ग्रामीण क्षेत्र की कई सड़कों की पटरियां जगह-जगह झाड़ियाें से ढक गई हैं। इससे हादसे का खतरा बना रहता है। कहीं-कहीं ये झाड़ियां इतनी घनी हैं कि मोड़ के समीप आगे का रास्ता दिखता ही नहीं है।
क्षेत्र में बस्ती-महुली मार्ग सहित देईसाड़ से बानपुर, बानपुर से लालगंज, पुलिस लाइन से पीएम हाऊस, बोकनार से बड़गोनाथ, हल्लौर से जिगना मार्ग, पक्का बाजार से कराहपिठिया एवं बनकटी से बड्डाड़ मार्ग पर सड़क की पटरियां झाड़-झंखाड़ से पट गई हैं। वाहन चालकों को पटरियों पर गड्ढे का पता ही नहीं चलता है। इससे वाहन चालक पटरियों पर वाहन उतारने से कतराते हैं।
दुबौली खुर्द निवासी समिति सचिव मुकेश कुमार ने बताया कि बाइक से घर जाते समय झांड़-झंखाड़ के चलते उन्हें दिखाई नहीं पड़ा और बानपुर मार्ग के कटया गांव के निकट जंगली जानवर की चपेट में आने से हादसा हो गया। उन्हें काफी चोटें आईं और एक पैर फ्रैक्चर हो गया। कड़सरी के बबलू दुबे ने बताया कि सड़क की पटरियों पर झाड़ियों के कारण सामने मोड़ पर आगे दिखाई न देने से उनकी गाड़ी में खरोंच आ गई। लोक निर्माण विभाग के एई उमेश चंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि 15 सितंबर के बाद मुख्य मार्ग पर पटरियों की सफाई शुरू होगी। रही बात ग्रामीण क्षेत्र के अन्य सड़कों की तो जहां-जहां स्वीकृति मिलेगी वहां-वहां सफाई कराई जाएगी।