राधेश्याम की मौत होने पर रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : BASTI
गन्ना लदे ट्रक की चपेट से किसान की मौत
कुदरहा(बस्ती)। लालगंज थानाक्षेत्र के मुंडेरवा शुगर मिल के तौल केंद्र कल्याणपुर-बी पर गन्ना लदे ट्रक की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई।
बुधवार को सेल्हरा गांव निवासी 53 वर्षीय राधेश्याम उर्फ रामचेत गन्ना तौल कराने केंद्र पर गए थे। यहां गन्ना तौल कराने के बाद तौल पर्ची नहीं मिलने पद ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर घर चले आए। इसके बाद दोबारा पर्ची लेने केंद्र पर पहुंचे। वहां गन्ना लदा ट्रक ठीहा में फंसा था। कई किसान उसे निकालने के लिए धक्का दे रहे थे। पर्ची लेने के बजाय राधेश्याम भी किसानों के साथ सहयोग में जुट गए। अचानक ट्रक पीछे की तरफ लुढ़कने लगा। राधेश्याम का पैर वहां रखी बोरी के चलते फिसल गया, जिससे वे गिर गए। जब तक संभलते तब तक ट्रक का पिछला पहिया उनकी जांघों पर चढ़कर पीछे निकल गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आननफानन में गांव के फूलचंद व अन्य लोग पीएचसी ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। चौकी प्रभारी योगेंद्र प्रसाद का कहना है कि घटना संज्ञान में है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। यदि परिवार के लोगों ने तहरीर दी तो मुकदमा दर्ज होगा।
अव्यवस्था के चलते गई राधेश्याम की जान
कुदरहा। सेल्हरा निवासी किसान राधेश्याम की मौत ने तौल केंद्र की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां स्थापित क्रय केंद्र अव्यवस्था का शिकार है। क्रय केंद्र के लिए स्थापित कांटा के लिए जमीन का क्षेत्र भी कम है। इससे रामजानकी मार्ग पर ही गन्ना लदे वाहन खड़ा करना किसानों की मजबूरी है। तौल के बाद ट्रकों पर गन्ना लादने के लिए जो ठीहा बनाया गया है, उसमें आए दिन ट्रक फंसते हैं।
मुंडेरवा शुगर मिल के कल्याणपुर-बी क्रय केंद्र किसानों के लिए सिरदर्द बन गया है। पांच बिस्वा जमीन पर बनाए गए इस केंद्र पर समस्या ही समस्या है। तौल के बाद ट्रकों पर गन्ना लादने के लिए जो व्यवस्था बनाई गई है, उसमें खामियां हैं। इसके चलते किसानों को सहयोग कर ट्रकों को बाहर निकलवाना पड़ता है। पर्ची पाने के बाद किसान अपना वाहन लेकर तौल कराने केंद्र पर पहुंचते हैं तो पर्याप्त जगह न होने के कारण उन्हें गन्ना लदे वाहन सड़क पर खड़ा करना पड़ता है। कोहरे के चलते सड़क पर खड़े वाहन भी दुर्घटना के कारण बन सकते हैं। गन्ना किसानों को गन्ना तौलवाने के बाद तौल पर्ची के लिए दोबारा केंद्र पर जाना पड़ता है। मुंडेरवा शुगर मिल के प्रबंधक बृजेंद्र द्विवेदी ने कहा कि कल्याणपुर-बी की समस्या संज्ञान में है। किसान की मौत दुर्भाग्यपूर्ण है। शीघ्र ही ट्रकों की संख्या बढ़ाकर व्यवस्था को दुरुस्त की जाएगी। रही गड्ढे वाले ठीहा की बात तो सभी केंद्रों को निर्देश दिए गए हैं कि वे गन्ना लदे ट्रकों को बाहर निकलवाने के लिए किसानों का सहयोग न लें। यदि ट्रक फंस रहे हैं तो जेसीबी का प्रयोग करें।