अतिक्रमण मुक्त होगा शहर, चलेगा बुलडोजर
गांधीनगर, मालवीय मार्ग, रेलवे स्टेशन दक्षिण दरवाजा मार्ग के लिए पालिका की रणनीति तैयार
स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण के मद्देनजर बनाई जा रही सूची
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर अब अतिक्रमण मुक्त होगा। स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ कदम उठाने के लिए बुलडोजर तैयार हैं। शहर का गांधी नगर हो या मालवीय मार्ग, रेलवे स्टेशन दक्षिण दरवाजा मार्ग हो या अन्य सड़क, सभी सड़कें अतिक्रमण मुक्त होंगी। इसके लिए नगर पालिका की ओर से रणनीति तैयार की गई है और इसके मद्देनजर सूची भी तैयार की जा रही है ताकि शहर स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण से मुक्त हो सके।
शासन के निर्देश पर पालिका प्रशासन बुलडोजर चलवाएगा। इसके अंतर्गत रणनीति बनाई जा रही है। लिहाजा इसी सप्ताह इसका क्रियान्वयन होने के आसार हैं। शहर के मालवीय रोड से लेकर नेहरू तिराहा व सुभाष चौक तक स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण के चलते मुसाफिरों को दिक्कतें होती हैं। एक ओर अतिक्रमण से राह मुश्किल है तो दूसरी ओर भवन निर्माण सामग्री की दुकानों व दो पहिया चार पहिया की मरम्मत के दुकानदारों ने इस मार्ग का दायरा कम कर दिया है। रंजीत चौराहे से ब्राह्मण महासभा तक तो सड़क पर ही चार पहिया वाहन बनाए जाते हैं। जबकि रंजीत चौराहे तक भवन निर्माण सामग्री बेचने वालों ने नालों को तो चोक कर दिया है। यहां दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। दुकानदार मोरंग बालू, गिट्टी व सरिया सड़क पर ही डंप करते हैं जिससे अंधेरे में वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। सबसे चौंकाने वाली बात तो यह है कि यह लोग पालिका की नोटिस को भी संज्ञान में नहीं लेते। यही हाल चइयाबारी से लेकर स्टेशन रोड, दक्षिण दरवाजा रोड, पांडेय बाजार व गांधी नगर, कंपनी बाग आदि स्थानों का भी है। इन स्थितियों को संज्ञान में लेकर पालिका प्रशासन फिर से एक बार अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू करेगा।
अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि पूर्व में अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई थी, मगर फिर से कुछ लोग अतिक्रमण कर रहे हैं। यही हाल मालवीय मार्ग का है, जहां भवन निर्माण सामग्री व सड़क पर वाहन बनाने वालों को नोटिस दिया गया मगर कोई असर नहीं है। जहां भी अतिक्रमण होगा पालिका इसी सप्ताह से प्रशासन व पुलिस के सहयोग से सख्त कार्रवाई कर उसे हटा दिया जाएगा।
पालिका ने सड़क किनारे से हटवाया मोरंग बालू
अतिक्रमण हटाओ अभियान का आगाज बुधवार से पालिका ने शुरू किया। पहले दिन दोपहर बाद पालिका के अधिशासी अधिकारी अखिलेश त्रिपाठी दल-बल के साथ मालवीय मार्ग पहुंचे। जहां सड़क किनारे रखे बालू व मोरंग को हटवा दिया। ईओ ने कहा कि अभियान शुरू कर दिया गया है। सभी को तत्काल अतिक्रमण हटाने को कहा गया है। क्योंकि अभियान के दौरान जहां भी अतिक्रमण पाया जाएगा, उस पर कार्रवाई होगी।