महराजगंज के धर्मसिंहपुर गांव में स्थित टावर में लगी आग बुझाते फायरब्रिगेड कर्मी। संवाद
बस्ती जिले में कप्तानगंज थाना क्षेत्र के धर्मसिंहपुर गांव में लगे बीएसएनएल के टाॅवर में रविवार को शार्ट सर्किट से आग लग गई। टाॅवर धू-धू कर जलने लगा। इसे बुझाने के प्रयास में तकनीशियन झुलस गया। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम और पुलिस ने तकनीशियन को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया।
क्षेत्र के कस्बा महराजगंज के पीछे धर्मसिंहपुर गांव में बीएसएनएल का टाॅवर लगा है। रविवार को शार्ट सर्किट से टावर में आग लग गई। कुछ ही देर में टाॅवर में लगे तार जलने लगे। इसे देख तकनीशियन अखिलेश सिंह (35वर्ष) पुत्र श्रीहरि नारायण सिंह निवासी पुरुआ थाना बीकापुर जनपद अयोध्या टाॅवर के ऊपर चढ़ कर आग बुझाने लगा। मगर आग काबू में आने के बजाय तेजी से फैल गई, जिसकी चपेट में आने से अखिलेश बुरी तरह से झुलस गए। जान बचाने के लिए वह टाॅवर से कूद गए। इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने झुलसे अखिलेश को सीएचसी कप्तानगंज भेजा।
महराजगंज के चौकी प्रभारी सर्वेश कुमार ने बताया कि शार्ट सर्किट से टाॅवर में आग लगी थी, उसे बुझा दिया गया है। घटना में झुलसे तकनीशियन का इलाज चल रहा है।