दोस्तों संग पत्नी के कपड़े फाड़े, धमकी देकर भागा
बस्ती। दोस्तों के साथ घर पहुंचे पति ने पत्नी के साथ अश्लील हरकत की और उसके कपड़े खींचकर फाड़ दिए। इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने पीड़िता के पति व उसके दोस्तों के खिलाफ अश्लील हरकत, अपशब्द कहने और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
पुरानी बस्ती थानाक्षेत्र की रहने वाली 35 वर्षीय पीड़िता का कहना है कि वह इन दिनों कोतवाली थानाक्षेत्र के एक मोहल्ले में किराए के मकान में पति के साथ रह रही थी। उसका आरोप है पति पहले से शादीशुदा था मगर इस बात को छिपाकर उससे दूसरी शादी कर ली।
इसकी जानकारी होने पर दोनों में विवाद होने लगा। पीड़िता के मुताबिक उसका पति छोड़ने की धमकी देकर कहीं और रहने लगा। 26 जनवरी की रात 11 बजे वह उसके किराए के मकान पर पहुंचा और दरवाजा खोलने को कहा। दरवाजा खोलते ही आरोपी दो दोस्तों के साथ अंदर घुस आया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर कपड़े खींचकर फाड़ दिए और अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपी पीड़िता का मोबाइल लेकर भाग निकले ताकि वह किसी को सूचना न दे सके। कोतवाल शशांक शेखर राय ने बताया कि तीनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस तफ्तीश कर रही है।