नवागत डीएम रवीश गुप्ता ने किया पदभार ग्रहण।
बस्ती। नवागत डीएम रवीश गुप्ता बुधवार की देर शाम सर्किट हाउस पहुंचे। यहां अधिकारियों, कर्मचारियों से औपचारिक मुलाकात के बाद वह सीधे कोषागार पहुंचे। सीटीओ अशोक कुमार प्रजापति ने उन्हें पदभार ग्रहण कराया। शासन ने एक दिन पहले यहां तैनात डीएम अंद्रा वामसी का स्थानांतरण कर दिया था। उनकी जगह पर आईएएस रवीश गुप्ता को डीएम नियुक्त किया गया। इसके अगले ही दिन देर शाम वह अपने कार्य स्थल पर पहुंच गए।
जिला कोषागार में उन्होंने जिलाधिकारी का पदभार ग्रहण किया। 2012 बैच के आईएएस रवीश गुप्ता पूर्व में संतकबीरनगर और सुलतानपुर जिले के डीएम रह चुके हैं। शासन ने उन्हें उत्तर प्रदेश स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन के विशेष सचिव पद से स्थानांतरित कर यहां डीएम नियुक्त किया है।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का सही ढंग क्रियान्वयन कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। फरियादियों की समस्याएं प्राथमिकता के साथ सुनीं जाएंगी और त्वरित निस्तारण भी होगा। रवीश गुप्ता ने बस्ती में बुधवार देर शाम को जिलाधिकारी पद का कार्यभार ग्रहण किया।
नवागत डीएम पहले सर्किट हाउस पहुंचे। यहां सीडीओ जयदेव सीएस, एडीएम कमलेश चंद्र ने ने गुलदस्ता भेंट किया। पुलिस के जवानों ने डीएम को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस मौके पर एसडीएम सदर शत्रुहन पाठक, एसडीएम हर्रैया विनोद पांडेय, आशुतोष तिवारी, मनोज प्रकाश, पीडी राजेश झा, डीपीआरओ रतन कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।