विद्यार्थी संख्या के आधार पर होगा 94 अतिरिक्त शिक्षकों का समायोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। परिषदीय विद्यालयों में चल रही समायोजन प्रक्रिया के क्रम में लॉक किए गए डाटा पर आपत्ति के लिए बृहस्पतिवार को अंतिम मौका है। इसके बाद कार्रवाई को अंतिम रूप दिया जाएगा। विद्यार्थी संख्या के आनुपातिक योग में 94 अतिरिक्त शिक्षकों का जिले में समायोजन किया जाना है।
जिले में 1430 प्राथमिक विद्यालय संचालित होते हैं। 30 बच्चों पर एक शिक्षक की नियुक्ति का मानक है। जिले में ऐसे कई विद्यालय हैं, जहां विद्यार्थी संख्या के सापेक्ष अधिक शिक्षक तैनात हैं तो ऐसे भी कई विद्यालय हैं, जहां नामांकित विद्यार्थी संख्या के हिसाब से कम शिक्षक हैं। इसी विसंगति को दूर करने के लिए अतिरिक्त शिक्षकों का जिले में समायोजन किया जा रहा है। इसके लिए डीएम रवीश गुप्ता की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है।
समिति में मुख्य विकास अधिकारी जयदेव सीएस उपाध्यक्ष होंगे। सदस्य के रूप में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य संजय शुक्ला, वित्त एवं लेखाधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हैं। बेसिक शिक्षा परिषद की तरफ से जिले में 94 अतिरिक्त शिक्षकों की सूची जारी की गई है। इसमें एक प्रधानाध्यापक और 93 सहायक अध्यापक हैं।
वरिष्ठ लिपिक संतोष गुप्ता ने बताया कि 22 अगस्त को आपत्तियां दाखिल होने के बाद बीएसए की ओर से समिति के माध्यम से 23 व 24 अगस्त को आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 26 व 27 अगस्त को मानव संपदा पोर्टल पर डाटा अपडेट किया जाएगा। इसके बाद यह डाटा एनआईसी को भेज दिया जाएगा।
..
परशुरामपुर ब्लॉक में सबसे अधिक 23 शिक्षक होंगे समायोजित
अंतः जनपदीय अतिरिक्त शिक्षकों के समायोजन में जो सूची जारी की गई है, उसमें एक प्रधानाध्यापक हैं, इसी तरह 93 सहायक अध्यापकों में सबसे अधिक 23 शिक्षक परशुरामपुर ब्लॉक में समायोजित होंगे। बहादुरपुर दो, बनकटी तीन, बस्ती सदर नौ, दुबौलिय एक, गौर पांच, हर्रैया सात, कुदरहा आठ, रामनगर चार, रुधौली 11, सल्टौआ 11, सांऊघाट चार और विक्रमजोत छह शिक्षक समायोजित होंगे।
...
कोट
शासन के निर्देश पर प्राथमिक विद्यालयों में अतिरिक्त शिक्षकों के समायोजन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मानव संपदा पोर्टल के आधार पर जिले में 94 अतिरिक्त शिक्षकों की सूची जारी की गई है, जिसे कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दिया गया है। शिक्षक इस सूची का अवलोकन कर 22 अगस्त को अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
-अनूप कुमार, बीएसए