बस्ती। गोरखपुर-लखनऊ हाईवे एनएच-27 पर जनपद बस्ती में सात ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। इसके लिए भेजे गए प्रस्ताव को केंद्र सरकार की तरफ से स्वीकृति मिल गई है। उम्मीद है कि जल्द ही चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर कार्य शुरू होगा।
जिले में वैसे तो 25 से अधिक ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए हैं। लेकिन, उसमें से अत्याधिक जोखिम वाले स्थलों पर पहले चरण में ओवरब्रिज बनाए जाने के लिए भेजे गए प्रस्ताव की स्वीकृति मिली है। पहले चरण में एनएच-27 के विक्रमजोत, संसारीपुर, कप्तानगंज, तिलकपुर, पाॅलिटेक्निक चौराहा, परसाजाफर ओर कांटे चौराहा शामिल है। यहां ओवरब्रिज बनने से सफर सुरक्षित होगा। स्वीकृति संबंधित जानकारी पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने अपने फेसबुक वाल पर देते हुए लिखा है कि मेरे अनुरोध पर बस्ती-गोरखपुर नेशलन हाईवे पर बस्ती जनपद में कुल सात ओवरब्रिज की स्वीकृति केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा किया गया है।
वैसे बता दें कि बहुत पहले से उक्त स्थानों पर ओवरब्रिज की मांग की जा रही थी। क्योंकि यह क्षेत्र काफी भीड़-भाड़ वाला रहता है। यहां वाहनों के लिए असुविधा होती है और अक्सर जाम लग जाता है। कभी-कभी नियंत्रण करने के लिए यातायात पुलिस को भी लगना पड़ता है। पॉलिटेक्निक चौराहे पर अक्सर जाम लग जाता है। इसके बाद यह योजना स्वीकृत हुई है।
ओवरब्रिज बन जाने से आमजन को काफी सहूलियत होगी। हालांकि पटेल चौराहे पर भी ओवरब्रिज की दरकार है। यहां भी अक्सर वाहनों को उस पार करने में कभी-कभी लंबा जाम लग जाता है। इसके लिए भी मांग की गई थी, लेकिन उम्मीद है कि अगले चरण में इस पर विचार हो।
वहीं पूर्व ब्लाक प्रमुख गुलाब सोनकर ने कहा कि ओवरब्रिज के लिए सांसद केंद्रीय मंत्री से मिले थे। राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर कप्तानगंज चौराहा, पटेल चौक चौराहा और पॉलिटेक्निक चौराहा पर फ्लाई ओवरब्रिज के लिए नौ अगस्त 2024 को सांसद राम प्रसाद चौधरी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले थे।
इस मामले में भारतीय राष्ट्रीय राज मार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक गोरखपुर ललित प्रताप पाल ने कहा कि बस्ती का क्षेत्र अयोध्या के अधीन है। ओवरब्रिज के लिए डीपीआर बनवाकर भेजा गया था। स्वीकृति की फाइल अभी हमारे पास नहीं पहुंची है। प्रस्ताव बहुत पहले भेजा गया था।