बस्ती में दीया जलाने के लिए बाती बनातीं मां-बेटी।
- फोटो : BASTI
घरों के मुंडेर पर टिमटिमाएंगे दीप
बस्ती। कोरोना महामारी से निपटने के लिए पीएम मोदी कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। जिस तरह से उनकी एक अपील पर लोगों ने ताली व थाली बजाकर पुलिस व स्वास्थ्य कर्मियों का उत्साहवर्धन किया उसे समूची दुनिया ने देखा। यह भारत की अखंडता की नायाब मिसाल बनी। हर घर बजी तालियों व थालियों की गूंज ने यह साबित कर दिया कि पूरा देश कोरोना से जंग में पीएम के साथ है।
एक बार फिर पीएम ने देशवासियों से पांच अप्रैल को घरों की सभी लाइटें बंद कर घरों की बालकनी से दिये, टार्च व मोबाइल की रोशनी करने की अपील की है जिसे लेकर लोग काफी उत्साहित दिख रहे हैं। कुछ लोग तो यह भी कह रहे कि बड़ा ही दुर्लभ नजारा होगा जब घरों के मुंडेर पर दिये टिमटिमाएंगे। शहर के न्यू प्रहलाद कालोनी की रहने वाली डॉ. ज्योति यादव कहती हैं कि दीपावली पर्व पर जो दिए जलाए गए थे वे दिये संभाल कर रखे हैं। बताती हैं कि उन्हें साफ कर दिया गया है। इन्हीं दीयों को दोबारा से रोशन किया जाएगा। कटरा की ही रहने वालीं अंकिता अपनी मम्मी लल्ली श्रीवास्तवा के साथ दीयों के लिए बाती बना रही थीं, पूछने पर कहती हैं कि राजा का आदेश ईश्वर का आदेश होता है। पीएम ने तो अपील की है। कहती हैं कि हम सबका फर्ज है कि इस समय सरकार की ओर से जो भी निर्देश मिले उसका पालन किया जाए। यह स्वयं के हित, समाज के हित व परिवार के हित में होगा। बभनगांवा की रहने वाली प्रीती सिंह रावत कहती हैं कि सोचिए अगर करोड़ों दीप एक साथ पूरे देश में जल उठेंगे तो कैसा लगेगा। कहती हैं कि इस संकट की घड़ी में उम्मीद की एक किरण ही काफी है। आवास विकास की रहने वाली सरिता यादव कहती हैं कि कोरोना के खिलाफ जंग हम सब मिलकर अवश्य जीतेंगे। इसके लिए सरकार की ओर से जारी निर्देशों का हमें पालन करना होगा। कहती हैं कि लॉकडाउन के दौरान अनावश्यक घरों से बाहर बिल्कुल न निकलें। रविवार की रात्रि नौ बजे नौ मिनट के लिए घरों की सभी लाइटें अवश्य बंद कर दें। इसके साथ ही दीये या फिर टार्च, मोबाइल की रोशनी जरूर करें।