संवाद न्यूज एजेंसी
छावनी (बस्ती)। पशुओं की तस्करी कर बिहार ले जाने वाले गिरोह के तीन तस्करों को छावनी पुलिस ने गोवंशीय पशुओं के साथ गाड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया।
रविवार की सुबह चौकड़ी टोल प्लाजा के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध समझकर पुलिस ने तलाशी ली तो पिकअप में चार गोवंशीय पशु लदे पाए गए। एएसपी ओम प्रकाश सिंह ने पुलिस कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान तस्कारों के पकड़े जाने का खुलासा किया।
गिरफ्तार पशु तस्करों का गोंडा और अयोध्या जिले में आपराधिक इतिहास है।पुलिस के पूछताछ में पता चला कि पशुओं को शरीफगंज चौराहा मौजा भानपुर थाना तरबगंज जनपद गोंडा से लादा गया था। पशुओं को बिहार भेजने के लिए तस्करों ने हाईवे का रास्ता चुना था। सूचना के बाद छावनी एसएचओ विजय कुमार दूबे, एसआई हरि राय, झारखंडे पांडे, आरक्षी मुकेश यादव आदि ने चौकड़ी टोल प्लाजा पर घेराबंदी की।
उन्होंने बताया कि गिरोह के सरगना फारुख निवासी शेखपुर थाना रौनाही जनपद अयोध्या हाल मुकाम गभौरा थाना उमरी बेगम जिला गोंडा, राजेश निवासी परियहवा थाना तरबगंज, गोंडा, लक्ष्मन गौतम निवासी लालेपुर, थाना उमरी बेगम, गोंडा को गिरफ्तार किया गया।
पशुओं की चिकित्सीय जांच कर रूपगढ़ गोशाल में दिया गया। छावनी पुलिस ने गिरफ्तार पशु तस्करों पर गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम की धारा में केस दर्ज किया है।