तीन और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए
बस्ती। बीआरडी मेडिकल कॉलेज से बृहस्पतिवार को आई जांच रिपोर्ट में तीन नए लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। सात संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें रुधौली स्थित एल-वन अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
डीएम आशुतोष निरंजन ने बताया कि तीन नए पॉजिटिव मरीजों के मिलने के बाद जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 373 हो गई है। एक्टिव केस 23 हैं। अब तक 15 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। जबकि 335 पॉजिटिव मरीज स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। उधर, एसआईसी रुचिस्मति पांडेय ने बताया कि जिला अस्पताल के ट्रूनाट मशीन से हुई जांच में 14 पॉजिटिव आए हैं, मगर इस रिपोर्ट की शत-प्रतिशत पुष्टि के लिए जांच भेजी गई है। जब तक जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती है, तब तक कुछ कहना जल्दबाजी होगी।
नोडल अधिकारी ने पीएचसी सल्टौआ का हाल जाना
सल्टौआ। आश्रम पद्धति विद्यालय भानपुर जोगिया जाते समय नोडल अधिकारी अशोक चंद्रा ने पीएचसी सल्टौआ का हाल जाना।
बृहस्पतिवार को उनके अस्पताल पहुंचने पर कुछ देर के लिए कर्मचारियों में अफरातफरी रही। उन्होंने ओपीडी में आ रहे मरीजों की जानकारी ली। कोरोना जांच से संबंधित अभिलेख को देखा। दवा वितरण कक्ष व दवाओं के रखरखाव को भी देखा। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आंनद मिश्र को निर्देश दिए कि अस्पताल को साफ-सुथरा रखें। मरीजों की सुविधा के लिए दो पर्ची काउंटर खोलने के निर्देश दिए।