बस्ती। पिछले दिनों निरीक्षण के दौरान छावनी थाना क्षेत्र में तीन जगहों पर संचालित निजी अस्पताल फर्जी पाए गए हैं। संचालकों ने पंजीयन से संबंधित कोई प्रपत्र नहीं उपलब्ध कराया। नोटिस के बाद भी विभाग को कोई स्पष्टीकरण नहीं मिला। मामले में डिप्टी सीएमओ डॉ. अशोक कुमार चौधरी ने संबंधित अस्पताल के संचालकों के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए छावनी पुलिस को तहरीर दी है।
डिप्टी सीएमओ ने बताया कि 9 जुलाई को निरीक्षण के दौरान विक्रमजोत स्थित शेखर क्लीनिक संचालित पाई गई । जांच में यह अस्पताल फर्जी निकला। इसी तरह विक्रमजोत पुलिस चौकी के निकट मनोज कुमार यादव का निजी हाॅस्पिटल/क्लीनिक भी संचालित पाई गई थी। जांच में यह हॉस्पिटल भी फर्जी निकला। पंजीकरण प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं कराया गया।
इसी कस्बे में मृधा हेल्थ केयर क्लीनिक भी जांच में फर्जी निकला। संचालक सुधांशु मृधा की तरफ से पंजीकरण का कोई भी प्रपत्र उपलब्ध नहीं कराया जा सका। तीनों अस्पताल के संचालकों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया। लेकिन, किसी भी संचालक ने स्पष्टीकरण नहीं दिया है। फर्जी अस्पताल संचालित करने के आरोप में तीनों संचालकों के विरुद्ध केस दर्ज कराया जाएगा। इसके लिए छावनी पुलिस को तहरीर भी दे दी गई है। केस दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।