कोरोना से तीन की मौत, 17 संक्रमित मिले
बस्ती। जिले में मंगलवार को महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट के मुताबिक 17 और लोग संक्रमित मिले हैं। दूसरी ओर ओपेक चिकित्सालय कैली में इलाज के दौरान तीन लोगों ने कोरोना से दम तोड़ दिया। वहीं कैली में भर्ती 80 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।
जिले में अब भी कोरोना के 171 केस एक्टिव हैं। सीएमओ डॉ. अनूप कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मरीजों को देखते हुए नमूना एकत्रित किया जा रहा है। गांव-गांव टीम लगाकर बाहर से लौटे लोगों के भी नमूने लिए जा रहे हैं। गंभीर मरीजों के लिए ओपेक चिकित्सालय कैली में व्यवस्था है, जबकि सामान्य कोरोना मरीजों के लिए लेबल-वन के दो अस्पताल बनाए गए हैं।
जिले में अब तक 534361 नमूने एकत्रित किए जा चुके हैं। उनमें से 529553 की रिपोर्ट आ गई है। 517981 की रिपोर्ट निगेटिव है। 11572 की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। 4808 नमूनों के परिणाम का इंतजार है, जबकि अब तक 11053 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि ओपेक चिकित्सालय कैली में उपचार के दौरान तीन लोगों ने कोरोना से दम तोड़ दिया है। जिले में अब तक 317 लोगों की कोरोना के चलते मौत हो चुकी है।