बस्ती। कप्तानगंज क्षेत्र में पांच साल पहले नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पॉक्सो कोर्ट ने तीन दोषियों को 20-20 वर्ष कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने प्रत्येक पर 21 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। जुर्माना अदा नहीं करने पर एक वर्ष तीन माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना पड़ेगा।
अपर जिला शासकीय अधिवक्ता (एडीजीसी) अरविंद कुमार पांडेय ने अदालत को बताया कि घटना पांच जनवरी 2021 की है। कप्तानगंज थाना क्षेत्र की करीब 15 वर्षीय किशोरी दोपहर लगभग एक बजे गन्ने के खेत में घास काटने गई थी। आरोप था कि वहां पहले से मौजूद ब्रजेश निषाद पुत्र शिवप्रसाद, गोरख निषाद पुत्र रामप्रसाद उर्फ चोन्हर और प्रदीप निषाद पुत्र भदई निवासी थूहा, थाना कप्तानगंज ने उसे पकड़ लिया और बारी-बारी दुष्कर्म किया।
वारदात के बाद किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर चिकित्सकीय जांच में उसके पांच माह के गर्भवती होने की जानकारी मिली। इसके बाद उसने परिजनों को आपबीती बताई। पीड़िता के पिता की तहरीर पर कप्तानगंज थाने में तीनों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। विवेचक ने पीड़िता का बयान दर्ज करने और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया। अभियोजन पक्ष की ओर से 11 गवाह पेश किए गए। गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने तीनों को दोषी करार दिया। अपर सत्र एवं विशेष न्यायाधीश पॉक्सो अनन्य न्यायालय अनिल कुमार ने तीनों दोषियों को 20-20 वर्ष के कठोर कारावास और 21-21 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।