पुलिस की गिरफ्त में हुक्काबार संचालक।
बस्ती। कोतवाली क्षेत्र के रौता चौकी से महज सौ मीटर की दूरी पर रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहे हुक्का बार पर बृहस्पतिवार की शाम को पुलिस ने छापा मारा था। इस मामले में पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक समेत तीन पर प्राथमिकी दर्ज की है। इसके साथ ही बड़़े पैमाने पर नशीला पदार्थ बरामद किया है।
सीओ सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि रौता चौराहे के निकट मालवीय रोड पर जय हिंद द हैवेन रेस्टोरेंट की आड़ में हुक्का बार संचालित होने की सूचना मिली थी। बृहस्पतिवार की शाम को कोतवाली थाने की पुलिस ने छापा मारा था। जहां से 21 युवक पकड़े गए थे जो हुक्का पी रहे थे।
वहीं रेस्टोरेंट संचालक समेत तीन को हिरासत में लिया गया था। इसमें हुक्का बार मालिक कलवारी थाना क्षेत्र के कमहरिया निवासी मोहम्मद आफताब, कोतवाली क्षेत्र के गांधी नगर स्थित बाटागली निवासी शुभम कन्नौजिया और शौकत अली गांधीनगर निवासी सक्षम भारती पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
इन सभी को न्यायालय प्रस्तुत करते हुए जेल भेज दिया गया है। 21 युवक पकड़े गए थे जिनके अभिभावकों को सूचना देकर सुपुर्द कर दिया गया।