दुकान संचालकों ने संयुक्त रूप से तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
कलवारी। लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर कलवारी थाना क्षेत्र के चमनगंज चौराहे पर बृहस्पतिवार की रात में चोरों ने चार दुकान को खंगाला। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी माझा खुर्द ने घटना स्थल की जांच की। दुकान संचालकों ने पुलिस को संयुक्त रूप से तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, कलवारी मुस्तहकम के मतपुरैया निवासी प्रवीण कुमार ने तहरीर देकर कहा है कि चमनगंज चौराहे पर वह जनसेवा केंद्र चलाते हैं। बृहस्पतिवार रात को अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर नकदी व सीसीटीवी कैमरा उठा ले गए। मठियवा निवासी अतुल कुमार ने तहरीर में कहा है कि अज्ञात चोर दुकान का शटर तोड़कर मरम्मत के लिए रखे ग्राहकों के चार मोबाइल फोन और नकदी उठा ले गए।
गोसैसीपुर निवासी निजी चिकित्सक तस्लीम खान ने तहरीर में कहा है कि चौराहे पर उनकी क्लिनिक है। रात में क्लिनिक का ताला तोड़कर चोर चेकबुक, आधार कार्ड और नकदी उठा ले गए। फूलपुर निवासी बलवंत कुमार ने बताया कि चौराहे पर उनकी मेडिकल स्टोर है। अज्ञात चोर ताला तोड़कर दुकान से नकदी उठा ले गए। थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी की घटनाओ का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।