बस्ती। विद्युत वितरण खंड प्रथम के हाई लाइन लाॅस में चिह्नित नई बस्ती फीडर (गड़गोड़िया) से जुड़े कनेक्शनों की जांच के लिए शुक्रवार को विद्युत निगम ने संयुक्त टीम बनाकर अभियान चलाया। अधिशासी अभियंता प्रथम मनोज सिंह के नेतृत्व में सुबह 10 बजे टीम गड़गोड़िया पहुंची। हाई लाइन लॉस वाले 100 केवीए ट्रांसफाॅर्मर से जुड़े कनेक्शनों की जांच की गई। उन्होंने बताया कि 81 कनेक्शनों की जांच की गई। चार परिसर में मीटर अंदर लगे थे, जिन्हें बाहर कराया गया। तीन लोगों का लोड बढ़ाकर छह किलो वाट किया गया। 10 हजार रुपये से अधिक बकाएदारों में छह लोगों की लाइन काट दी गई। 1.47 लाख रुपये की राजस्व की वसूली की गई है। फीडर पर लाइन लॉस 59 प्रतिशत है। इसे कम कर 15 प्रतिशत पर लाना है। इस मौके पर एसडीओ प्रथम राम इकबाल प्रसाद, एसडीओ मीटर अजय कुमार गुप्ता, अवर अभियंता सत्येंद्र प्रसाद राम, फूलचंद्र आदि मौजूद रहे।