हर्रैया (बस्ती)। हर्रैया थाना क्षेत्र के नदाये में शादी की तैयारी वाले घर को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने जेवरात वाले बाक्स पर हाथ साफ कर दिया। खटपट की आवाज सुन परिजन जागे, लेकिन तब तक चोर भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई है।
नदाये निवासी अजय कुमार ने बताया कि उनकी बहन गुड़िया की 16 मई को शादी है। पूरा परिवार शादी की तैयारियों में जुटा है। रविवार की देर रात चोर घर में दाखिल हो गए। चोर एक बक्सा उठाकर घर के पीछे ले गए। ताला तोड़कर उसमें रखे गहनों को निकाल लिया। आवाज सुनकर परिजन जागे तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। घर में रखा बक्सा गायब देख होश उड़ गए। पीड़ित ने घटना की सूचना हर्रैया पुलिस को दी। थाना प्रभारी शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि छानबीन की जा रही है।
-
कप्तानगंज कस्बे की दो दुकानों में चोरी, सामान सहित एक गिरफ्तार
महराजगंज(बस्ती)। कप्तानगंज कस्बे में एक ही रात में दो दुकानों का ताला तोड़कर चोरी के आरोपी को पुलिस ने पकड़ा है। उससे चोरी का सामान भी बरामद हुआ है।
कप्तानगंज कस्बे में रविवार की रात को चोरों ने कस्बे के दुर्गा मंदिर के पास टिनिच रोड पर स्थित हाईटेक डीजे की दुकान के शटर का ताला तोड़कर उसमें रखा साउंड बाक्स सहित अन्य उपकरण चुरा ले गए। उसके बाद चोरों ने हाईवे पर कप्तानगंज के सुरेश चौधरी की इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग की दुकान से शटर का ताला तोड़कर दुकान में रखा रिपेयरिंग के लिए आया साउंड बॉक्स और नकदी चुरा ली। सुबह लोगों ने ताला टूटा होने की सूचना दुकानदारों को दी। कुछ ही देर में आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। एसओ कप्तानगंज रोहित कुमार उपाध्याय ने बताया कि आरोपी को सामान सहित गिरफ्तार किया गया है।