लालगंज थाना क्षेत्र के देईसांड़ में हुई चोरी के बिखरे सामान को समेटी महिला। संवाद
- फोटो : कोच
बनकटी। लालगंज थाना क्षेत्र के देईसांड़ में मंगलवार की रात किराने की दुकान व मकान के पीछे से टिन शेड उठाकर घुसे चोरों ने आलमारी तोड़कर 14 हजार रुपये नकदी समेत लाखों के आभूषण किराने के सामान चुरा ले गए। सूचना पर फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचीं सीओ रुधौली कुलदीप सिंह यादव ने जांच-पड़ताल की।
थाना क्षेत्र के सजहरा गांव निवासी राम रक्षा मौर्य परिवार के साथ देईसांड़ में स्थित अपने मकान में रहकर वर्षों से अगले हिस्से में किराने की दुकान चलाते हैं। मंगलवार की शाम पत्नी व बच्चों समेत पूरे परिवार को लेकर राम रक्षा मौर्य खेत की सिंचाई करने गांव चले गए। दूसरे दिन बुधवार की सुबह करीब 11 बजे वापस लौटने पर दुकान का चैनल का ताला खोलकर अंदर गए तो बेड़ पर सारा सामान बिखरा हुआ व आलमारी का ताला खुला देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो सीढ़ी व कमरे का दरवाजा खुला था। पीड़ित ने डायल 112 समेत लालगंज पुलिस को सूचना दी। राम रक्षा मौर्य की पत्नी नीलम ने बताया कि आलमारी में सोने-चांदी के गहने और 14 हजार रुपये गायब थे। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। संवाद