धर्मांतरण के आरोप में गिरफ्तार किए गए आरोपी- पुलिस
बस्ती/बभनान। नगर पंचायत बभनान में रविवार को चंद्रशेखर आजाद नगर वार्ड स्थित चर्च में हुए धर्मांतरण के मामले ने तूल पकड़ लिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को राम निहोर और रामतेज के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। बाद में दोनों आरोपियों को पैकोलिया थाना क्षेत्र के मरवटिया गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया।
शुरुआती छानबीन में पता चला कि वहां पर ईसाई धर्म कबूल कराने के लिए लोगों को बहाने से बुलाया जाता था। शिकायत में कहा गया कि आरोपियों ने महिलाओं को पैसों और दवाइयों का लालच देकर धर्मांतरण के लिए बहकाने की कोशिश की।
रविवार को चर्च में प्रार्थना सभा के बहाने हिंदू महिलाओं और अन्य लोगों को ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाने का आरोप लगा। शिकायत में कहा गया कि आरोपियों ने महिलाओं को पैसों और दवाइयों का लालच दिया और धर्मांतरण के लिए बहकाने की कोशिश की। यह सूचना भाजपा मंडल अध्यक्ष गौर राजेश कमलापुरी ने स्थानीय कार्यकर्ताओं को दी। इसके बाद हड़कंप मच गया और मामले की लिखित शिकायत गौर थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने नगर पंचायत निवासी राम निहोर, गोंडा जिले के रामतेज और 2-3 अज्ञात पर उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 के तहत केस दर्ज किया।
विवेचना चौकी प्रभारी बभनान अजय नाथ कनौजिया को सौंपी गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर राम निहोर और रामतेज को पैकोलिया क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे हिंदू समाज की आस्था पर हमला बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, स्थानीय लोग भी घटनाक्रम से हैरान हैं। चर्च और आसपास के इलाकों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार का तनाव न फैले।