रेलवे स्टेशन पर उमड़ रही यात्रियों की भीड़, जनरल और स्लीपर में ठसाठस भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। रेलवे स्टेशन पर प्रयागराज महाकुंभ जाने वाले यात्री उमड़ रहे हैं। वहीं शादी-विवाह में शामिल होने वाले यात्रियों की संख्या भी काफी बढ़ी है। रविवार की दोपहर को आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन आने के समय प्लेटफार्म पर काफी यात्रियों की भीड़ थी। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही यात्री बोगी में जगह पाने के लिए दौड़ पड़े। बोगी में चढ़ने के लिए खूब धक्का-मुक्की हुई। भीड़ के नाते कइयों की ट्रेन छूट गई और वे मन मसोस कर लौट गए।
ट्रेन का स्लीपर कोच हो या जनरल सभी यात्रियों से ठसाठस भरे नजर आए। ट्रेन के गेट भर भारी भीड़ के कारण बोगी में चढ़ने और उतरने वालों को परेशानी हुई। भीड़ के कारण यात्री बोगी के गेट पर खड़े होकर यात्रा करते देखे गए। शौचालय में भी यात्री दिखे।
बोगी में चढ़ने के लिए जगह नहीं बची थी। ऐसे में कुछ यात्री धक्का-मुक्की कर ट्रेन में चढ़ने में कामयाब हो गए, मगर कुछ असफल होने पर निराश हुए। ऐसे यात्रियों का कहना था ट्रेनों में ऐसी भीड़ नहीं देखी थी। किसी अन्य ट्रेन से अब जाने के सिवा और कोई विकल्प नहीं है।
बोगी में जगह पाने के लिए सबसे अधिक दिक्कत महिलाओं और बच्चों को हुई। एक पुरुष यात्री किसी तरह धक्का-मुक्की कर ट्रेन में सवार हो गया, मगर उनके साथ की महिला और बच्चे प्लेटफार्म पर ही थे। ट्रेन चलने वाली थी। अंदर से पुरुष यात्री आवाज देने लगा। कुछ यात्रियों के आग्रह पर गेट खड़े लोगों ने जगह बनाकर महिला व बच्चे को बोगी में चढ़ाया। यात्रियों को ट्रेन में जगह दिलाने के लिए जीआरपी और आरपीएफ के जवान भी मशक्कत करते नजर आए। यही हाल प्रयागराज समेत अन्य ट्रेनों में भी देखने को मिली। मार्च तक आरक्षण फुल है। दो
..
गोण्डा जाना है। आम्रपाली एक्सप्रेस के कोच में चढ़ने की कोशिश की, मगर ट्रेन के गेट तक इतनी भीड़ थी कि हिम्मत नहीं कर पाया। अब किसी अन्य साधन से जाएंगे।
-ऋतु कुमार, यात्री
..
आम्रपाली में भारी भीड़ के कारण नहीं चढ़ पाया। एक-दो बार कोशिश भी की, मगर सफल नहीं हुआ। ट्रेन के गेट तक यात्रियों की भारी भीड़ नजर आई। जीआरपी ने भी बैठाने का प्रयास किया।
-विनोद कुमार, यात्री
..
तीन ट्रेनें निरस्त, दो विलंब से चली रहीं
तीन ट्रेनों के निरस्त होने से भी ट्रेनों मेें यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। रविवार को मौर्यध्वज एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस और जनसेवा एक्सप्रेस निरस्त रही। जबकि न्यू दिल्ली क्लोन दो घंटे और गरीब रथ स्पेशल सात घंटे विलंब से चल रही थी।
-