बस्ती। अयोध्या में प्रभु श्रीराम लला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम पर फूल- मालाओं की खूब बिक्री हुई। सुबह आठ बजते-बजते इनकी कीमतों में भारी उछाल आ गया। सामान्य दिनों में 40 रुपये में बिकने वाला माला 100 रुपये पार कर गया। फूलों के हार 200 रुपये तक बेचे गए। दोपहर बाद अधिकतर दुकानों पर फूल-माला के स्टाक खत्म हो गए।
प्राण प्रतिष्ठा के दिन सोमवार को दोपहर तक अधिकतर दुकानें बंद रहीं। व्यापारी रामोत्सव मनाने में व्यस्त रहे। कुछ दुकानदार प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम देखने के बाद खाली हुए तो अपने दुकान पर पहुंचे। वहीं कुछ व्यापारी दिन भर आयोजनों में व्यस्त रहे। फूल एवं सजावट से संबंधित दुकानें खुली रहीं। सुबह होते ही फूल-मालाओं की बिक्री बढ़ गई।
फूल कारोबारी सुनील माली ने बताया कि दो गठ्ठर माला मांगाया थ। सुबह दस बजते-बजते एक गठ्ठर बिक गया। कुछ घंटों में दूसरा गठ्ठर भी बिक जाएगा। इतना फूल-माला दीपावली के बाद दूसरी बार बेपा है। गुड्डू माली ने बताया कि उनके यहां फूल-माला का स्टॉक नहीं बचा है। बताया कि रामोत्सव के चलते डिमांड बढ़ने से कीमत में उछाल आया है। इसके अलावा कुछ दुकानों पर इलेक्ट्राॅनिक झालर भी खत्म हो गए थे।
झूमकर बिके पटाखे, दिनभर हुई खरीदारी
अंदाजा नहीं था कि पटाखे का कारोबार भी चटख हो जाएगा। रामोत्सव के एक दिन पहले से शुरू पटाखों की खरीदारी सोमवार को दोगुनी हो गई। पटाखा कारोबारी रमेश कुमार ने बताया कि जीवन में पहली बार दीपावली के बाद इतने बड़े पैमाने पर पटाखा की बिक्री होते पहली बार देखी। यह सब प्रभु श्रीराम की कृपा से संभव हुआ है। ग्राहकों को काफी छूट पर पटाखा उपलब्ध करा रहे हैं, ताकि रामोत्सव में कोई कमी न रह जाए।