लालगंज। थाना क्षेत्र के बारीघाट गांव में धूपई निषाद के छप्पर में लगी आग से छह बकरियों की झुलस कर मौत हो गई। दो भैंस गंभीर रूप से झुलस गई है। इसके अलावा घर के सामान भी जलकर राख हो गए। धुपई निषाद ने बताया कि सोमवार की रात करीब 10 बजे अज्ञात कारणों से उनके छप्पर में आग लग गई। आग की लपटें बगल के घारी में फैल गई। ग्रामीणों की मदद से करीब दो घंटाें की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक छप्पर में बंधी छह बकरियां झुलस कर मर चुकी थीं।
आग से छप्पर में रखी घरेलु सामान, पांच क्विंटल गेहूं और धान, तीन साइकिल आदि जल गए। हल्का लेखपाल बैजनाथ पटेल ने मौके पर पहुंच कर जायजा लिया। जांच रिपोर्ट तैयार कर अधिकारियों को भेजने की बात कही। संवाद