कप्तानगंज (बस्ती)। फोरलेन पर कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गड़हा गौतम के निकट सोमवार दोपहर में ढाबा संचालक और ट्रेलर चालक के बीच गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद हो गया। ट्रेलर चालक ने फोरलेन पर गाड़ी खड़ी करके जाम लगा दिया। दोपहर एक बजे लगे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने 20 मिनट बाद जाम हटवाकर यातायात बहाल कराया।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के फोरलेन पर गड़हा गौतम के निकट एक ढाबे पर पंजाब प्रांत के ट्रेलर चालक ने अपनी गाड़ी खड़ी की थी। इसी बीच किसी ने उसकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। इसी बात पर ढाबा संचालक और ट्रेलर चालक में विवाद होने लगा। सोमवार को दोपहर बाद एक बजे नाराज ट्रेलर चालक ने फोरलेन के बीच गाड़ी खड़ी कर दी। इससे जाम लग गया। जाम लगते ही ढाबा संचालक के हाथ-पांव फूल गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। लगभग 20 मिनट तक फोरलेन जाम रहा। सूत्रों की मानें तो ढाबा संचालक के चलते विवाद हुआ। एसओ सुनील कुमार गौड़ ने बताया कि सूचना पर पुलिस गई थी। मामला शांत कराते हुए यातायात बहाल कराया गया है।