बस्ती। भद्रेश्वरनाथ मंदिर के पास कांवड़ मेले के दौरान दुकान लगाने को लेकर बृहस्पतिवार को विवाद की स्थिति पैदा होने लगी। वहां पर गैर हिंदू दुकानदारों को दुकानें लगाने का हिंदू संगठन के लोग विरोध करने लगे। उनमें नोकझोंक की स्थिति बनने लगी। हालांकि स्थानीय लोग दुकानदारों के साथ खड़े नजर आए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मंदिर समिति के साथ किसी तरह मामले को शांत किया। दुकानदारों को नेम प्लेट लगाने की बात भी उठी लेकिन इस पर अंतिम निर्णय नहीं हो पाया। भद्रेश्वरनाथ मंदिर परिसर से लेकर डारीडीहा के बीच दुकानें लगनी शुरू हो गई हैं। बृहस्पतिवार को हिंदू संगठन के कार्यकर्ता दुकानदारों की पहचान जांच करने लगे। इस दौरान दूसरे समुदाय के दुकानदारों को दुकान लगाने से वे लोग मना करने लगे। इसे लेकर विवाद बढ़ने लगा और लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई।
कोतवाल दिनेश चंद्र चौधरी ने मंदिर कमेटी को बुलाकर उनसे राय मशविरा लिया। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष राजेश गिरि ने स्पष्ट किया कि किसी भी धर्म का व्यक्ति हो उसे दुकान लगाने से नहीं रोका जाएगा। दुकानदारों के नेम प्लेट लगाने का भी प्रस्ताव सामने आया, जिस पर मंदिर समिति के अध्यक्ष ने बताया कि जो नियम शासन प्रशासन तय करेगा उसका पालन कराया जाएगा। कोतवाल ने बताया कि शांति व्यवस्था कायम है। संवाद