पूजन सामग्रियों की सज गईं दुकानों, फलों की आवक भी बढ़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पूर्वांचल के सबसे प्रसिद्ध छठ उत्सव मंगलवार से शुरू होगा। धन, धान्य, यश, कीर्ति, समृद्धि, संतान सहित लोकमंगल का यह महापर्व पहले दिन नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। छठ की छटा घर से लेकर बाजार, घाट तक दिखने लगी है। छठ पर्व के पूजन में शामिल होने वाली सामग्रियों की दुकानें शहर से लेकर कस्बों तक सज गई हैं। घाट-घाट सफाई होने लगी है। पूजा की वेदी बननी शुरू हो गई है। महिलाएं छठ मईया को खुश रखने के लिए हर जतन कर रही हैं। उनके साथ परिवार के लोग मिलकर नए परिधान, शृंगार एवं पूजन सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं तो घाट पर वेदी भी बनवाने की होड़ मची है।
चार दिनों तक मनाया जाने वाला सूर्योपासना का महापर्व छठ की रौनक मंगलवार से बढ़ जाएगी। शहर के अमहट घाट और निर्मली कुंड मंदिर पर छठ पूजा की परंपरा है। यहां घाट सजने लगे हैं। नगर पालिका की टीम इन जगहों पर सफाई में जुटी हुई है। कुआनो नदी के अमहट घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। अभी हाल में यहां देवी प्रतिमाओं का विसर्जन होने से गंदगी का अंबार है। ऐसे में नगर पालिका की सफाई टीम नदी के तटीय क्षेत्र का कोना-कोना चमकाने में जुटी है।
वेदी बनाने वाले कारीगरों की टोली भी घाट पर घूम रही है। अलग-अलग मूल्य पर वेदी तैयार किए जा रहे हैं। लोग परिवार के साथ आकर अपनी वेदी की जगह सुरक्षित कर रहे हैं। अमहट पर मिले राजगीर जुड़ावन ने बताया कि सीमेंट की पक्की वेदी बनाने के लिए एक हजार रुपये लिए जा रहे हैं। मिट्टी से तैयार की जाने वाली वेदी का पांच रुपये लिया जा रहा है। लोगों के कहने पर वेदी का रंगरोगन भी किया जा रहा है। छोटे-छोटे बच्चे भी रुपये कमाने के चक्कर में वेदी बनाने का दावा कर रहे हैं। कुछ लोग उन्हें भी यह जिम्मेदारी सौंप रहे हैं। घाट पर इधर-उधर से ईंट का इंतजाम कर 300 से 400 रुपये में वेदी तैयार कर बच्चे भी निहाल हो रहे हैं।
...
आज से होगी अधिक कमाई
अमहट पर मिले राम जतन, राम प्रकाश, तेजू आदि ने बताया कि मंगलवार से वेदी बनवाने के लिए ज्यादा लोग आएंगे। इस दिन से आमदनी बढ़ जाएगी। एक दिन में 10 से 15 वेदी का काम अगले दो दिनों तक मिलेगा। आजकल घाट पर रहकर कमाई करना ज्यादा आसान है। वेदी तैयार करने में कोई बहुत मशक्कत भी नहीं करनी पड़ती है।
...
निर्मली कुंड में भी शुरू हुआ वेदियों का रंगरोगन
निर्मली कुंड मंदिर परिसर में पहले बनाए गए सीमेंट के वेदियाें का रंगरोगन सोमवार से ही शुरू हो गया है। श्रद्धालु यहां पहुंचकर अपने- अपने वेदी की पहचान कर रहे हैं। इसके बाद उसे रंगरोगन कर सुसज्जित करने के लिए मजूदर तय कर रहे हैं। मंगल बाजार के राम प्रकाश ने बताया कि पांच साल पहले ही उन्होंने यहां सीमेंट की वेदी तैयार कराया था। तभी से वह बरकरार है। केवल पर्व आने पर उसे रंगाई- पुताई कर नया बना दिया जाता है। वहीं अजय कुमार ने बताया कि यहां अधिकांश लोगों के वेदी पहले से ही बने हुए हैं। जिन श्रद्धालुओं के पास वेदी नहीं होता है वह अन्य महिलाओं के साथ बैठकर पूजा कर लेती है।
किस्म- किस्म के फलों से सजा बाजार
छठ पर्व के दृष्टिगत फलों का बाजार अभी से सज चुका है। फल कारोबारी में छठ पूजन में प्रयुक्त होने वाले हर तरह की सामग्रियों की उपलब्धता बना लिए हैं। गॉधीनगर क्षेत्र में एक साथ दर्जन भर दुकानें सजी हुई है। प्रत्येक दुकान पर बांस की बनी डलिया, सूप, बेना आदि के साथ तरह- तरह के फलों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। फल कारोबारी उस्मान अली ने बताया कि छठ पूजा के दृष्टिगत सेब, संतरा, केला, कच्चे केले की घौंद, कच्ची हल्दी, ईख आदि सभी सामग्री थोक मंगा ली गई है। ताकि ग्राहक को किसी पूजन सामग्री के लिए भटकना न पड़े। अनुमान है कि मंगलवार से खरीदारी बढ़ जाएगी।
...
कोट
छठ पर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अमहट घाट और निर्मली कुंड की विधिवत सफाई के लिए टीम उतार दी गई है। इसके बाद लाइटिंग की व्यवस्था कराई जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा का भी पूरा बंदोबस्त किया जा रहा है।
सुनिष्ठा सिंह, प्रभारी ईओ/ एसडीएम