टोल बचाने के चक्कर में कप्तानगंज से दुबौलिया मार्ग से गुजर रहे भारी वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज(बस्ती)। टोल टैक्स बचाने के चक्कर में कप्तानगंज से दुबौलिया मार्ग से भारी वाहन दिन रात चल रहे है। इससे राहगीरों को जोखिम भरा यात्रा तय करना पड़ रहा है। दिन रात भारी वाहनों के संचालन से यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। भारी वाहनों के संचालन से कई बाजारों में आए दिन जाम लग रहा है।
बस्ती जिले के हाईवे पर बडेवन, चौकड़ी और बस्ती से कलवारी रोड पर एक्सड़ा के पास कुल तीन टोल प्लाजा है। टोल टैक्स बचाने के लिए माल वाहक वाहन और भारी वाहन कई सूनसान सड़कों का सहारा ले रहे हैं। लखनऊ से बस्ती जाने वाले वाहन छावनी राम जानकी तिराहे से मुड़कर विशेषरगंज,दुबोलिया, होकर कुदरहा से मुंडेरवा होकर कांटे के निकट हाइवे पकड़ लेते हैं।
इनमें से कुछ वाहन महुघाट होकर हरैया और भिऊरा से कप्तानगंज का भी सहारा ले रहे हैं। इसी तरह से गोरखपुर से लखनऊ जाने वाले वाहन भी कांटे से मुंडेरवा होकर कुदरहा,कप्तानगंज से दुबौलिया, हरैया से विशेषरगंज मार्ग का सहारा लेकर बडेवन और चौकड़ी टोल टैक्स बचा रहे हैं। इन मार्गो में सबसे अधिक वाहन कप्तानगंज से दुबौलिया मार्ग से गुजर रहे हैं। भारी वाहनों के गुजरने से कप्तानगंज, वायरलेस चौराहा,दुबौलिया,विषसेरगंज,अमोढ़ा,कुदरहा,लालगंज,गायघाट ,महादेवा सहित कई बाजारों में जाम लगता है। क्षेत्र के विजयभान पांडेय,रजत ओझा, अमरदेव सिंह ने बताया कि सूनसान सड़कों से भारी वाहनों का गुजरना राहगीरों के लिए घातक हो सकता है।