कप्तानगंज क्षेत्र के खजुहा गांव के निकट ओवरहाईट गन्ना लादकर चल रहा ट्रक।
- फोटो : photo
कप्तानगंज, बस्ती। पिछले दिनों फुटहिया में गन्ना लदे ओवर लोड/ओवर हाईट ट्रक के पलटने से दंपती की मौत हो गई थी। इसके बाद कमिश्नर की सख्ती पर पुलिस और परिवहन टीम ने ओवरहाईट गन्ना लेकर चलने वाले वाहनों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। मगर, इधर जिम्मेदार फिर ढीले पड़ गए।
इससे ढुलाई ठेकेदारों में एक ही बार में अधिक से अधिक वजन में गन्ना मिल तक पहुंचाने की होड़ फिर मच गई है इससे राहगीरों में हादसे की आशंका बनी हुई है। गन्ना लदे ओवर हाईट ट्रक-ट्राले सड़कों पर काल बनकर हिलते-डुलते चल रहे हैं। यह कब कहां अनियंत्रित होकर पलट जाए इसका कोई ठिकाना नहीं है।
आम इन वाहनों के बगल से गुजरने में खतरा महसूस कर रहे हैं। कुछ दिन अभियान चलाने के बाद जिम्मेदार कार्रवाई करने से कतराने लगे हैं। आम राहगीरों का कहना है कि यदि इन वाहनों पर सख्ती से प्रतिबंध नहीं लगा तो फिर किसी न किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। कप्तानगंज थाना क्षेत्र से रुधौली, मुंडेरवा, बभनान, केएम शुगर मिल मसौधा के दो दर्जन से अधिक गन्ना क्रय केंद्र है। इन गन्ना क्रय केंद्रों से गन्ना लदे ओवर हाईट ट्रक और ट्राले लेकर प्रतिदिन चालक सुनसान इलाकों से फोरलेन होते हुए चीनी मिलों तक जा रहे हैं। ज्यादातर लिंक मार्ग से हाईवे एवं मुख्य मार्ग पर मुड़ते समय खतरा रहता है। ग्रामीण अंचल की सड़कों पर इन वाहनों के चलने रास्ता वन-वे हो जा रहा है। आसपास इतनी भी जगह नहीं बच रही है कि लोग बाइक लेकर निकल सकें।
क्षेत्र के फरेंदा सेंगर, लहिलवारा, बरहटा, अकलाखोर से गन्ना लदी ट्रक और ट्रालियां जब जब निकलती है तो पांच किलोमीटर तक राहगीर परेशान हो जाते हैं। साइड न मिलने के कारण छोटे वाहन, बाइक सवार को गन्ना लदे वाहनों के पीछे चलना पड़ रहा है।