ग्राहक सेवा केंद्र में चोरी का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
बस्ती। पुरानी बस्ती पुलिस ने थानाक्षेत्र के कड़र खास स्थित सीएससी (ग्राहक सेवा केंद्र) में 17 जुलाई की रात हुई चोरी का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एलसीडी टीवी, प्रिंटर, डेस्कटॉप के अलावा तमंचा कारतूस व चाकू बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों में अशोक हरिजन निवासी हर्रैया जप्ती पुरानी बस्ती, कड़र खास पुरानी बस्ती निवासी राम बचन चौहान व गांधी चौहान शामिल हैं।
एसओ आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि इन तीनों को रेलवे स्टेशन के पूर्वी रेलवे क्रासिंग के पास से गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में जुनेद अहमद निवासी कड़र खास थाना पुरानी बस्ती ने 18 जुलाई को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। तहरीर में बताया था कि वह अपने गांव में ग्राहक सेवा केन्द्र चलाता है। रोज की तरह 17 जुलाई की शाम को केंद्र में ताला लगाकर घर चला गया। दूसरे दिन अपने दुकान पर पहुंचा तो ताला टूटा मिला। अंदर देखने पर ज्ञात हुआ कि चोरों ने डेस्क टॉप ,एक प्रिंटर एवं लगभग 25 सौ रुपये गायब हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन की तो तीन आरोपी पकड़े गए। एसओ के मुताबिक बरामद एलसीडी किसी दूसरी चोरी का है, इसके बावत पूछताछ की जा रही है।
-