बंधक जमीन बेचने के आरोप में पूर्व मंत्री पर मुकदमा
सोनहा (बस्ती)। ऋण लेने के लिए बंधक रखी गई जमीन बेचने के एक मामले में सपा सरकार में पूर्व मंत्री रहे राम करन आर्य व उनके पुत्र विजय विक्रम आर्य के विरुद्ध सोनहा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस संबंध में पूर्वांचल बैंक (बड़ौदा यूपी बैंक) शाखा शंकरनगर के प्रबंधक राम सुरेश ने तहरीर दी है।
तहरीर में कहा गया है कि राम करन आर्य व उनके पुत्र विजय विक्रम आर्य निवासी नकछेद चक उर्फ कलन्दर नगर थाना सोनहा ने 18 मई 2013 को पूर्वांचल बैंक (वर्तमान में बड़ौदा यूपी बैंक) शाखा शंकरपुर से दस लाख रुपये का ऋण लिया। जिसके लिए अपनी शंकरपुर में स्थित जमीन बैंक के पक्ष में बंधक रखा। उसी जमीन को पांच मई 2020 व 14 मई 2020 को ऋणी राम करन आर्य व विजय विक्रम आर्य ने दिवाकर पटेल निवासी नेहरू विहार कल्याणपुर विकास नगर लखनऊ को बेच दिया। आरोप है कि बंधक शुदा भूमि को बिना बैंक का ऋण अदा किए व बिना बैंक को सूचित किए कपट पूर्वक बैंक को धोखे में रखकर ऋण हड़पने की नीयत से यह रजिस्ट्री बैनामा किया गया।
जानकारी होने पर बैंक से विधिक नोटिस भी भेजा गया लेकिन, कोई जवाब नहीं दिया। प्रभारी निरीक्षक शशांक शेखर राय ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है।