गिरफ्तार किए गए चोरी के आरोपी।-पुलिस
बस्ती। वाल्टरगंज पुलिस ने मोबाइल दुकानों और अन्य स्थानों पर हुई चोरी की पांच घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से सात मोबाइल, लैपटॉप, ईयरफोन, चार्जर और 4,890 रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है।
पुलिस ने टाउन क्लब के पीछे कालीकुंज बैरिहवा निवासी जितेंद्र और कटरा पानी टंकी निवासी राजकुमार को शनिवार सुबह भिटिया-पड़िया मार्ग स्थित नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक सात अगस्त को पैड़ा चौराहे स्थित मोबाइल की दुकान का ताला तोड़कर चोरी की गई थी। पूछताछ में आरोपियों ने इस घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कोतवाली क्षेत्र में कचहरी के पास एक व्यक्ति का मोबाइल चोरी किया था। इसके अलावा हेमराज चननी रोड स्थित दुकान से मोबाइल और लालगंज के सिहोरवा गांव में बारात के दौरान मोबाइल चोरी करने की बात भी सामने आई है। गौरा चौराहा स्थित मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने की घटना में भी दोनों के शामिल होने की जानकारी मिली है।
पुलिस के मुताबिक जितेंद्र के खिलाफ बस्ती, गोरखपुर और संतकबीरनगर के विभिन्न थानों में चोरी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। राजकुमार के खिलाफ भी चोरी और शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज रहे हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।