- बभनान कस्बे के शिवाजीनगर व लक्ष्मीबाई नगर वार्ड को चाेरों ने बनाया निशाना
- के दो वार्डाें
संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान। कस्बे के दो वार्डों के तीन घरों में एक ही रात में 33 लाख रुपये सामान चोरी हो गए। पीड़ितों ने डायल 112, पैकोलिया पुलिस व एसपी तक से गुहार लगाई लेकिन रविवार शाम तक केस दर्ज नहीं किया गया था।
नगर पंचायत के शिवाजी नगर वार्ड के उसका कलहंस में रामगोपाल सिंह के घर छत के रास्ते चोर घर में दाखिल हुए। रामगोपाल ने तहरीर में बताया है कि छोटे भाई अनिल कुमार सिंह की अलमारी का लाॅकर व सेफ तोड़कर उसमें रखा सोने का हार, सात अंगूठी, दो झाला, दो बाली सहित अन्य सामान जिसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये है चोरों ने उड़ा लिए। इसके अलावा 90 हजार रुपये नकदी व एक मोबाइल फोन भी चोर ले गए हैं।
इसी वार्ड के राज किशोर सिंह के घर भी चोर छत के रास्ते आंगन में उतर आए। बताया कि घर में रखे 10 हजार नकदी, सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी झुमका, एक चेन, बाली, चांदी के चार जोड़ी पायल सहित करीब तीन लाख के जेवरात गायब हुए हैं। इसके अलावा चोरों ने इसी वार्ड के रामपाल सिंह, सतपाल सिंह, उमापाल सिंह, गजपाल सिंह, बलराम सिंह व नंदकिशोर सिंह के घर पर भी चोरी का प्रयास किया लेकिन वह कामयाब नहीं हुए। बताया जा रहा है कि उमापाल सिंह के छत पर जैसे ही चोर पहुंचे वहां मौजूद लोग शोर मचाने लगे। मौका पाकर चोर छत से कूदकर भाग गए।
वहीं नगर पंचायत के लक्ष्मीबाई वार्ड में तौहीद के घर छत से सीढ़ी के रास्ते प्रवेश किए। घर में बैग में रखे 9 हजार नकदी अपने साथ ले गए। पुलिस के मुताबिक तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है।