सीसीटीवी कैमरे में चोरी की घटना कैद
संवाद न्यूज एजेंसी
विक्रमजोत। छावनी पुलिस ने मंगलवार को मलौली गोसांई बाजार में आभूषण की चोरी करने के मामले में दो महिलाओं पर केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, मलौली गोसाई गांव में मंगल कुमार की आभूषण की दुकान है। मंगलवार को दो महिलाओं ने माथ बेदी, जेंट्स अंगूठी, तीन लेडीज अंगूठी, पांच लॉकेट, एक बड़ा झाला चुराकर रुपये लाने के बहाने चंपत हो गई। दुकानदार के अनुसार दोनो महिलाएं शादी का जेवर खरीदने आई थीं। महिलाओं ने 85 हजार रुपये का सामान अलग करवा कर रुपये लाने बैंक जाने की बात कहकर दुकान से चली गईं।
महिलाओं के जाने के बाद जेवरात नहीं मिलने पर दुकानदार भौचक रह गया। इसके बाद मंगल कुमार ने सीसीटीवी चेक किया तब चोरी की घटना की जानकारी हुई। महिलाओं के गहने चोरी करने की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है। पुलिस ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर महिलाओं की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।