वाल्टरगंज। थाना क्षेत्र के मानिकचंद चौराहे पर स्थित पान की चार दुकानों का ताला तोड़कर शनिवार की रात चोर नकदी व सामान चुरा ले गए। सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदारों ने ताला टूटा देखकर पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, पुरैना के बलिराम चौधरी ने बताया कि रविवार की सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो ताला टूटा मिला। अंदर देखा तो सामान व दो गल्ले में रखा दो हजार रुपये नहीं है। बगल के कौशल कुमार की दुकान से एक हजार रुपये व सामान, राम बिलास चौधरी की दुकान में रखा 900 रुपये और केशराम की दुकान में रखा एक हजार रुपये व सामान गायब मिला।
पुलिस ने बताया कि घटना हुई है। पीड़ितों से शिकायत दर्ज कराया है। चौराहे पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।